संभल: 'अस्पताल में दवा लेने नहीं तुम्हारी शक्ल देखने आया था', डॉक्टर को दी 17 दिन में जान से मारने धमकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश
बहजोई (संभल), अमृत विचार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में सोमवार को हुई घटना से डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी दहशत में आ गये। अस्पताल आए एक युवक ने डॉक्टर से कहा कि 17 दिन में तुम्हारी गोली मारकर हत्या कर दूंगा। बोला, मैं यहां दवा लेने नहीं तुम्हारी शक्ल पहचानने आया था। डॉक्टर की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने धमकी देने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात संविदा चिकित्सक डॉ. शेखर वार्ष्णेय चिकित्साधिकारी कक्ष में बैठे थे। दोपहर बाद तीन बजे मोहल्ला कुरेशियान निवासी मौसम नाम का युवक आया। उसने डॉ. शेखर वार्ष्णेय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। चिकित्सक ने गाली-गलौज का विरोध किया। इस पर युवक ने कहा कि अस्पताल में दवा लेने नहीं, तेरा चेहरा देखने आया हूं।
बोला 17 दिन में तेरी गोली मारकर हत्या कर दूंगा। युवक के तेवर देखकर डॉक्टर के साथ ही वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मी भी सहम गये। हालांकि जब कर्मचारी एकत्र हुए तो युवक गाली-गलौज करते हुए बाहर चला गया। डा. शेखर वार्ष्णेय ने सीएमओ को मामले से अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल पंकज लवानिया ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
डाक्टर ने सबूत के तौर पर पुलिस को दिया वीडियो
बहजोई। आरोपी युवक जब डॉक्टर को धमकी दे रहा था तब डा. शेखर वार्ष्णेय ने उसका वीडियो बना लिया था। डाक्टर शेखर ने अपनी बात को सही साबित करने के लिए साक्ष्य के रूप में वह वीडियो पुलिस को दिखाया। इसमें युवक उन्हें जान से मार देने की धमकी दे रहा है। डा. शेखर वार्ष्णेय ने बताया कि धमकी के बाद से वह दहशत में हैं और अस्पताल में ठीक से काम भी नहीं कर पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- संभल: नील गाय की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था अनस
