बाजपुरः स्कूल के आसपास तेंदुए की दस्तक से दहशत का माहौल
बाजपुर, अमृत विचार। जीजीआईसी के आसपास की आबादी क्षेत्र में तेंदुआ की दस्तक से लोगों में दहशत है। पिछले कई दिनों स लगातार इस वन्यजीव के दिखने का सिलसिला जारी है। देर-सबेर लोगों ने घर से निकलना बंद कर दिया है।
बन्नाखेड़ा व बरहैनी वन सीमा से सटे विकासखंड क्षेत्र बाजपुर में पिछले कई वर्षों से तेंदुआ की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। क्षेत्र में अनेक तेंदुआ विचरण करते हुए आबादी में पहुंच जा रहे हैं। रामराज रोड स्थित जीजीआईसी स्कूल को जाने वाले मार्ग से मात्र 100 मीटर की दूरी पर चिंघाड़ पुलिया के आसपास नाले में पिछले कई दिनों से लगातार एक तेंदुआ देखा जा रहा है, जोकि देर-सबेर निकलकर रामराज रोड पर भी पहुंच जाता है।
नजदीक ही एक सर्विस स्टेशन पर काम करने वाले युवक सुरेश ने बताया कि पिछले कई दिनों से रोज देर शाम 6 से 7 बजे के आसपास तेंदुआ नाले के बाहर निकलकर आ रहा है जिसे कार की लाइट व शोरगुल करके किसी तरह भगाया गया। बताते चलें कि पिछले माह रामराज रोड पर जीजीआईसी मोड़ के नजदीक ही एक तेंदुआ किसी वाहन से टकराकर घायल हो गया था, जोकि काफी देर तक रोड पर पड़ा रहा।
तेंदुआ को मरा समझकर कई युवा व लोग वीडियो इत्यादि बनाने के लिए उसके नजदीक तक पहुंच गए थे। अचानक तेंदुआ उठकर नाले में उगी झांड़ियों में घुसकर गायब हो गया। इस घटना से वहां दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया था।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः विधायक ने की मांग, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बढ़ाई जाए राशन की दुकानें
