बरेली: सरकारी गोदाम रहेंगे खाली, कल बंद हो जाएगी गेहूं खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बाजार में अधिक भाव के चलते गेहूं क्रय केंद्रों तक नहीं पहुंचा। अफसरों ने तमाम जतन किए मगर गेहूं खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पाई। 15 जून से गेहूं खरीद बंद हो रही है। अब तक लक्ष्य का दो फीसदी भी आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इस बार भी सरकारी गोदाम खाली रहेंगे। कोटेदारों के यहां राशन बांटने के लिए गेहूं बाहर से मंगाना पड़ सकता है।

जनपद में 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। पीसीएम, पीसीयू समेत छह एजेंसियों के 121 क्रय केंद्र खोले गए थे। गेहूं का सरकारी रेट 2125 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। शासन ने 1.80 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया था। इसके सापेक्ष अब तक 42 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो पाई है, जो लक्ष्य का मात्र 1.89 प्रतिशत है। दरअसल, बाजार में इस समय गेहूं का भाव सरकारी रेट से प्रति क्विंटल पर दो सौ रुपये से अधिक है। इस वजह से अधिकांश किसानों ने क्रय केंद्र की बजाय बाजार का रुख किया।

गेहूं खरीद बढ़ाने के लिए ये जतन किए
बीते माह प्रशासन ने गेहूं खरीद बढ़ाने के लिए एसडीएम से लेकर लेखपाल को लगाया। आदेश दिए कि गांव में जाकर किसानों से मौके पर खरीद की जाए, मगर प्रशासन का यह जतन भी काम नहीं आया, क्योंकि प्रशासन ने जब तक यह फैसला लिया, तब तक अधिकांश किसान गेहूं बाजार में बेच चुके थे। जिनके पास है, वे अभी मंडी में भाव बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला, थाने में शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी

 

संबंधित समाचार