मुरादाबाद: विदेश में नौकरी के नाम पर दो युवकों से तीन लाख की ठगी, पीड़ितों ने लगाई एसएसपी से मदद की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठग ने दो युवकों से तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने उन्हें सउदी अरब भेजने के लिए उनका भारतीय फर्जी पासपोर्ट भी बनवा दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर चेकिंग में पकड़े जाने पर युवकों को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने घर पहुंच कर आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे। इस आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार को दोनों युवक ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मोहम्मद शरीफ और जरीफ ठाकुरद्वारा के निवासी हैं। दोनों स्नातक होने के बाद भी बेरोजगार हैं। परिवार की आर्थिक स्थित ठीक नहीं है। शिकायत पत्र में दोनों ने बताया कि तीन माह पूर्व भगतपुर निवासी युवक से शादी समारोह में उनकी मुलाकात हुई। उसने सउदी अरब में नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद दोनों ने तीन लाख आरोपी युवक को दिए। बाद में आरोपी ने उन्हें फर्जी पासपोर्ट भी थमा दिया। एक सप्ताह पूर्व सउदी अरब जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट गए तो जांच में पासपोर्ट फर्जी पाया गया। वहां से आने के बाद मंगलवार को पीड़ित एसएसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत की। इस पर एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

युवती से हड़पी लाखों की रकम, शादी का झांसा देने का आरोप

मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र की युवती से गुड़गांव के युवक ने शादी का झांसा देकर लगभग 20 लाख रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित अमरोहा गेट, मियां साहब वाली गली निवासी युवती श्रुति कोठीवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पीतल का कारोबार करती है। दो साल पहले गुड़गांव के सेक्टर- 37डी निवासी शशांक शेखर तिवारी से उसकी मुलाकात हुई। बाद में दोनों में दोस्ती हो गई। 

इस दौरान शशांक ने श्रुति से शादी का प्रस्ताव रखा। लेकिन श्रुति ने फिलहाल शादी से इनकार कर दिया। इस पर शशांक ने उसे अपने साथ कारोबार करने का प्रस्ताव दिया। दाेनों ने मिलकर 18 जुलाई 2022 को एक कंपनी खोली। शुरूआत में श्रुति ने कंपनी में एक लाख रुपए लगाए। बाद में शशांक के कहने पर उसने 10 लाख रुपए और दिए। बताया कि आरोपी ने युवती को विदेश भेजने के नाम लगभग 10 लाख रुपये के पीतल के बर्तन भी ले लिए। कुछ समय बाद रुपयों और बर्तनों के बारे में पूछने पर शशांक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। साथ ही शादी के लिए कहने पर भी उसने साफ इनकार कर दिया। अब आरोपी युवती को धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : देहरादून के होटल संचालक ने कारोबारी से ठगे 36.50 लाख रुपये

संबंधित समाचार