Kanpur News : घर में नहीं है कोई बाद में आना, अब नहीं चलेगा यह बहाना, ड्रोन की मदद से पकड़ी जाएगी बिजली चोरी
कानपुर में अब ड्रोन की मदद से बिजली चोरी पकड़ी जाएगी।
कानपुर में अब ड्रोन की मदद से बिजली चोरी पकड़ी जाएगी। घर में नहीं है कोई बाद में आना, अब यह बहाना नहीं चलेगा।
कानपुर, [विकास कुमार]। घर में सिर्फ महिलाएं और बच्चें है, पति काम से बाहर गए है। बाद में बिजली चेक करने आना। शातिरों की अब यह बहाने बाजी नहीं चलेगी। क्योंकि कानपुर में पहली बार ड्रोन कैमरों की मदद से केस्को ने बिजली चोरी की तैयारी की है। जिससे बिजली चोरी पर अंकुश लग सकता है।
कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी बिजली चोरी रोकने के लिए नया पैतरा अजमाने की जुगत में है। केस्को बिजली चोरी पकड़ने के लिए अब ड्रोन का इस्तेमाल करेगा। वही, उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज ने भी इस संबंध में केस्को प्रबध निदेशक सैमुअल पॉल एन से वार्ता की है। ड्रोन में बिजली चोरी की पुष्टि होने के बाद केस्को के अधिकारी व कर्मचारी संबंधित बिजली चोर के घर या दुकान में दाखिल होंगे।
इस दौरान बिजली चोरी पकड़ने से लेकर कार्रवाई तक पूरी घटना की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। केस्को का मानना है कि इस प्रकिया से लाइन लास, जो बिजली चोरी में होता है, उस पर अंकुश लगेगा। क्योंकि कई बार कटिबाज केस्को की टीम पर हमला तक कर देते है। केस्को अधिकारियों के मुताबिक टीम में एक महिला कांटेबल या कर्मचारी भी साथ रहेगी। पहले चरण में बिजली घर, आलू मंडी और जरीब चौकी उपकेंद्र क्षेत्र में ड्रोन की मदद से बिजली चोरों पर केस्को ने नजर रखने का निर्णय लिया।
दिन व रात दोनों समय चलेगा अभियान
बिजली चोरों को पकड़ने के लिए केस्को सुबह व रात के समय भी ड्रोन का इस्तेमाल बिजली चोरों पर नजर रखने के लिए करेगा। जानकारी होने पर अभियंता टीम के साथ संबंधित के घर या दुकान में जाकर उनको मौके पर बिजली चोरी करते समय पकड़ेंगे। साथ ही नया कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे।
केस्को इन बातों पर लेगा निर्णय
ड्रोन चलाने के लिए केस्को में शायद ही कोई अभियंता या कर्मचारी प्रशिक्षित होगा। विभाग अपने चिंहित अधिकारी व कर्मचारी को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण देगा। ड्रोन सभी बिजली उपकेंद्र में दिए जाएंगे या एक खंड में एक ड्रोन होगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है। वही, यह ड्रोन सरकारी होंगे या स्थानीय स्तर पर इसे किराए पर लेकर इस्तेमाल किया जाएगा ,यह भी अभी तय नहीं हुआ है। यह सभी निर्णय पूरे होने के बाद जिले में अभियान चलेगा।
कानपुर में ड्रोन की मदद से बिजली चोरी पकड़ने का अभियान जल्द चलेगा। कुछ विषयों पर अभी फैसला बाकि है। मुख्यालय से अनुमति लेकर ड्रोन से बिजली चोरों पर कार्रवाई की जाएगी। शुरू में बिजली घर, आलूमंडी व जरीबचौकी सब स्टेशन क्षेत्र में अभियान चलेगा।- सैमुअल पॉल एन, प्रबंध निदेशक, केस्को
