Unnao Fire News : रेलवे ट्रैक किनारे दो जगह लगी आग, अधिकारियों ने रोकी ट्रेनें, केबिल का बंडल जला
उन्नाव में रेलवे ट्रैक किनारे दो जगह लगी भीषण आग।
उन्नाव में रेलवे ट्रैक किनारे दो जगह लगी भीषण आग। सोनिक रेलवे यार्ड व गंगाघाट स्थित छमकनाली के पास ट्रैक किनारे आग लगी थी।
उन्नाव, अमृत विचार। लखनऊ-कानपुर रेल रूट पर लगी झाड़ियों में दो स्थानों पर भीषण आग लग गई। पलटें इतनी तेज और धुआं इतना अधिक था कि दोनों ही स्थानों पर वहां से गुजर रही ट्रेनों को रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर आरपीएफ व फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब जाकर ट्रेनों को रवाना किया जा सका। अधिकारियों ने आशंका जताई कि किसी यात्री ने ही ट्रेन से जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंक दी होगी। इससे झाड़ियों ने आग पकड़ी ली।
सोनिक रेलवे स्टेशन से पहले बंद केबिन के पास अचानक धुआं के साथ लपटें उठने लगीं। इस पर स्थानीय स्टाफ ने उन्नाव स्टेशन मास्टर कार्यालय के माध्यम से आरपीएफ इंस्पेक्टर केके तिवारी को घटना की सूचना दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर अग्निशमन विभाग को जानकारी देते हुए स्टाफ के साथ घटना स्थल पहुंचे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिग्रेड ने एक बंद पड़ी फैक्ट्री की ओर से स्टेशन की ओर बढ़ रही आग को नियंत्रित करना शुरू किया। इस दौरान अप लाइन की दो व डाउन लाइन की एक मालगाड़ी को ट्रैक बाधित होने से रोकना पड़ा। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने रेल संपत्ति की क्षति होने से इंकार किया है। हालांकि स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर ओएफसी केबल का एक बंडल पड़ा था, आग से नष्ट हो गया।
वहीं, शुक्लागंज क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर रेल रूट स्थित छमकनाली स्टेडियम पुलिया स्थित रेलवे गेट संख्या-40 के पास झाड़ियों में आग लग गई। लखनऊ जा रही एलकेएम के चालक ने ट्रैक के पास आग जलती देख ट्रेन रोकी और स्टेशन स्टाफ को सूचना दी। इस पर स्टेशन मास्टर ने फायर ब्रिग्रेड बुलाई और आग नियंत्रित होने पर ट्रेन को रवाना कराया। इस दौरान कुछ देर उद्योग नगरी एक्सप्रेस ट्रेन को भी रोकना पड़ा। स्टेशन स्टाफ ने बताया कि 12.40 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जबकि करीब 01:20 बजे एलकेएम को रवाना किया जा सका। आग से रेलवे को संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है।
