Jalaun News : मेधावियों को सीएम ने वर्चुअल संवाद के जरिए दी बधाई, डीएम ने सौंपी चेक
जालौन में मेधावियों को सीएम ने वर्चुअल संवाद के जरिए दी बधाई।
जालौन में मेधावियों को सीएम ने वर्चुअल संवाद के जरिए बधाई दी। वहीं, डीएम ने भी चेक सौंपी।
जालौन, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में सातवें स्थान पर आए हाईस्कूल और इंटर के मेधावियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद के माध्यम से बधाई दी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसके बाद जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक लाख की चेक सौंपी। कार्यक्रम में मेधावियों को तरक्की के मंत्र भी बताए गए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी यों को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में सातवें स्थान पर आए सत्यम प्रजापति और हाई स्कूल की परीक्षा में प्रदेश में सातवां स्थान पाने वाले राज को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद के माध्यम से बधाई दी।
इस दौरान दोनों से उन्होंने वार्ता की और कहा कि वह अपना अपने परिवार का स्कूल का जिले का और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए आगे भी इसी तैयारी के साथ जुटे रहें। संवाद के जरिए ही दोनों ही छात्रों को सम्मानित किया जिलाधिकारी चांदनी सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी के माध्यम से एक-एक लाख की चेक दोनों ही विद्यार्थियों को सौंपी।
जिले के टॉप टेन मेधावियों को 21-21 हजार की चेक, एक टेबलेट व मेडल के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मेरिट में आये हुये छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों, शिक्षकों को बधाई दी। उन्होने कहा कि अभी आगे और लम्बी यात्रा तय करनी है सभी छात्र-छात्रायें अपने लक्ष्य तय कर आगे बढ़े इसके लिये कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होने छात्रों को सलाह देते हुये कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कुछ अतिरिक्त गतिबिधियां भी करते रहे, अपनी इस उपलब्धि को अपने लक्ष्य को पाने के लिये कड़ी मेहनत करें और अपने लक्ष्य को हासिल करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की तरफ से दी जाने वाली धनराशि से मेधावी आगे अपनी शिक्षा गृह कर सकते हैं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा0 अभय कुमार श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय इण्टर कालेज रमेश वर्मा के अलावा छात्र-छात्राओं के अभिभावक आदि मौजूद रहे।
ये है जिले के टॉपर, जिन्हें मिला सम्मान
हाईस्कूल के राजनारायण सिंह, विकास राजपूत, अंजली, बाॅबी यादव, सजल भास्कर, आरती रतना, समरजीत सिंह यादव, आराध्या, प्रिंस गुप्ता के अलावा इण्टरमीडिएट के मोहित महेश्वरी, आदित्य यादव, अर्पित सिंह, रोनक, मुस्कान बाथम, जितेश कुमार शाहू, केशव पाठक, तनुश कुमार, अंकित, आर्यन, मनीष कुमार को इक्कीस हजार रूपये का चैक व प्रशिस्त पत्र, मेडल एवं टेबलेट वितरित कर सम्मानित किया गया।
