बरेली: जेब कटवानी हो तो जेटीबीएस काउंटर से खरीदें टिकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ट्रेन से सफर के लिए जेटीबीएस यानी जनता टिकट बुकिंग सेवा काउंटर से टिकट लेने वालों की जमकर जेब कट रही है। बरेली जंक्शन के आसपास चल रहे जेटीबीएस काउंटरों पर धड़ल्ले से अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा है। इस अवैध वसूली के खिलाफ शिकायतों की भी भरमार है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ज्यादातर शिकायतों की अनदेखी कर देते हैं। इक्कादुक्का शिकायतों पर मामूली जुर्माना डालकर जिम्मेदारी पूरी कर ली जाती है।

मंगलवार को परिवार के साथ हरदोई जा रही सीमा वाजपेयी ने 14208 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस के लिए जेटीबीएस काउंटर से तीन टिकट खरीदे तो उनसे 24 रुपये की अतिरिक्त वसूली कर ली गई। सीमा के मुताबिक उन्हें 70 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से तीन टिकट 210 रुपये के दिए, जबकि हरदोई का टिकट 60 रुपये का है जो जेटीबीएस काउंटर पर दो रुपये कमीशन के साथ 62 रुपये का होता है। इस तरह तीन टिकट 186 रुपये के ही होते हैं। उन्होंने अवैध वसूली पर विरोध जताया लेकिन ट्रेन छूटने की आशंका में टिकट खरीदने पड़े।

सीमा की तरह इसी तरह हजारों यात्रियों की रोज जेटीबीएस काउंटरों पर कटती है। अमृत विचार संवाददाता ने बुधवार को जंक्शन पर उत्तर रेलवे के जेटीबीएस काउंटर पर पड़ताल की तो पता चला कि यहां से टिकट खरीदने वाले सभी यात्रियों से इसी तरह की अवैध वसूली हो रही है। अवैध वसूली पर गुस्से में दिखे कई यात्रियों ने शिकायत करने की बात भी कही।

एक टिकट पर दो रुपये कमीशन वसूल करते हैं दस रुपये तक
रेल प्रशासन ने यात्रियों को स्टेशन के अनारक्षित काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए जेटीबीएस काउंटर शुरू किए थे। ये काउंटर प्राइवेट एजेंटों को ठेके पर दिए जाते हैं जो रेल प्रशासन की ओर से एक टिकट पर दो रुपये कमीशन लेकर टिकट बेचने के लिए अधिकृत हैं लेकिन आमतौर पर तीन से पांच गुना तक कमीशन वसूला जाता है। जंक्शन पर पूर्वोत्तर रेलवे का एक और उत्तर रेलवे के दो जेटीबीएस काउंटर हैं।

लाखों की हेराफेरी मगर जुर्माना सिर्फ एक हजार रुपये
रेल अधिकारी खुद स्वीकार करते हैं कि जेटीबीएस काउंटरों पर ज्यादा वसूली की शिकायतें आती रहती हैं। अधिकारियों के मुताबिक पहले इस तरह के मामले सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। ऐसे मामलों में एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाता है। अगर लगातार शिकायतें आती हैं तो जेटीबीएस काउंटर निरस्त भी किया जा सकता है। हालांकि अब तक कोई काउंटर निरस्त नहीं किया गया है। यात्री अतिरिक्त वसूली पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक या स्टेशन अधीक्षक से शिकायत कर सकते हैं।

मुझे गंज डुंडवारा जाना था, जेटीबीएस काउंटर से टिकट खरीदा लेकिन मुझसे 10 रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। इसकी शिकायत अधिकारियों से करूंगा। - सुजय यादव, यात्री

हरदोई जाने के लिए जेटीबीएस काउंटर से टिकट लिया था, लेकिन उनसे हरदोई के टिकट के लिए आठ रुपये अतिरिक्त लेकर 70 रुपये का टिकट दिया गया है। - सत्येंद्र गुप्ता, यात्री

बदायूं जाने के लिए दो टिकट खरीदे थे जो 64 रुपये के होते हैं लेकिन हमसे 70 रुपये लिए गए हैं। पैसे वापस मांगे तो जेटीबीएस संचालक ने साफ इन्कार कर दिया। - सीमा, यात्री

हमें बदायूं जाना था, स्टेशन के बाहर से टिकट लिया है। यहां तो सभी लोगों से अतिरिक्त पैसे वसूल किए जा रहे हैं। रेल अधिकारियों को इन पर कार्रवाई करनी चाहिये। - शेफाली, यात्री

कोई शिकायत मिलेगी तो जेटीबीएस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहली शिकायत पर जुर्माना लगाया जाता है, ज्यादा शिकायतों पर जेटीबीएस काउंटर को निरस्त किया जाएगा। पहले बार जुर्माना लगाया जा चुका है। - राकेश कुमार सिंह, वाणिज्य निरीक्षक बरेली जंक्शन

ये भी पढे़ं- बरेली: कुत्ते के बच्चे को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, रिपोर्ट

 

संबंधित समाचार