बरेली: 148.57 करोड़ से मंडल के 39044 घरों में पहुंचेगा जल

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। मंडल के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत में अमृत-2 योजना के तहत घर-घर जल पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने जल निगम की नगरीय पेयजल परियाेजनाओं की समीक्षा कर अक्टूबर 2024 तक 272.81 किमी में पाइप लाइन डालने के आदेश दिए। कमिश्नर ने कहा कि अमृत 2 योजना के तहत मंडल में 148.57 करोड़ से 39044 घरों में निर्मल जलधारा पहुंचेगी। इससे 204760 की आबादी को स्वच्छ पानी मिल सकेगा। इस दौरान बीडीए उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शीशगढ़ में 15 और बिशारतगंज में हो चुका 10 प्रतिशत कार्य
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत शीशगढ़ में 1817.41 लाख रुपये से 33670 लोगों की आबादी को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा। 297.24 लाख की पहली किस्त जारी कर दी गई है। अप्रैल 2023 से शुरू हुई योजना में अब तक 15 प्रतिशत कार्य हो चुका है। 2000 किलोलीटर का ओवरहेड टैंक, 29.68 किमी पाइप लाइन, नलकूप, तीन पंप हाउस और 4960 जल कनेक्शन किए जाएंगे। बिशारतगंज नगर पंचायत में दिसंबर 2022 में 1374. 75 लाख की परियोजना स्वीकृत हुई थी। 224.78 लाख रुपये खर्च हाे चुके हैं। योजना में 1100 किलो लीटर का एक ओवरहेड टैंक, 26. 87 किमी की पाइपलाइन, दो नलकूप, दो पंप हाउस बनाए जाएंगे। 3331 घरों को कनेक्शन मिलेगा, इससे 19810 की आबादी को फायदा होगा।

मीरगंज में 2024 तक बनेगा 1400 किलोलीटर का ओवरहेड टैंक
कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने बताया कि मीरगंज में 23 दिसंबर 2022 को 1366.36 लाख की योजना स्वीकृत हुई थी। सितंबर 2024 तक योजना में 1400 किलो लीटर का ओवरहेड टैंक बनेगा। 30. 45 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जाएगी। दो नलकूप, दो पंप हाउस, स्टाफ रूम का निर्माण होगा । 3497 घरों में कनेक्शन होगा। सैंथल नगर पंचायत में 1277. 35 लाख से 22.03 किमी पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। 208.94 लाख की धनराशि जारी हो गई है। यहां 1700 किलो लीटर का ओवरहेड टैंक, दो नलकूप, दो पंप हाउस बनेंगे। 3259 कनेक्शन देकर 18270 की आबादी को शुद्ध जल मुहैया कराया जाएगा। फतेहगंज पूर्वी में 193.14 लाख की धनराशि जारी हो चुकी है। यहां 800 किलो लीटर का एक ओवरहेड टैंक बनेगा। 20.94 किलोमीटर पाइपलाइन पड़ेगी। दो नलकूप, दो पंप हाउस, एक स्टाफ रूम बनेगा। 2431 कनेक्शन देकर 12170 आबादी को पेयजल मुहैया कराया जाएगा।

बदायूं में कार्य की प्रगति...
बदायूं के कछला में 1348.43 लाख की योजना स्वीकृत हुई थी। पहली किश्त में 616.14 लाख की धनराशि जारी हो गई है। 10 प्रतिशत कार्य हो गया है। 650 और 250 किलो लीटर के दो ओवरहेड टैंक बनेंगे। 23.945 किलोमीटर पाइपलाइन डाली जाएगी। दो नलकूप, दो पंप हाउस बनेंगे। 1936 घरों में पानी का कनेक्शन होगा। 13240 आबादी को लाभ मिलेगा। सहसवान नगर पालिका में 64 92.89 लाख की योजना तैयार की गई थी। पेयजल योजना की 1062.11 लाख की धनराशि जारी की गई है। 10 फीसदी कार्य हो चुका है। योजना में 1700, 1500, 1350 और 600 किलोलीटर के चार ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। 118.904 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जाएगी। 13 नलकूप, 7 पंप हाउस बनेंगे। 19330 घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। इससे 85 हजार की आबादी पेयजल योजना से लाभान्वित होगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: घबराएं नहीं व्यापारी, 30 तक रिटर्न करें फाइल

 

 

संबंधित समाचार