रायबरेली : निष्कासित 14 कर्मियों ने नगर पंचायत आना किया बंद, एक को और हटाया
केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के वाहन के सामने निष्कासित कर्मी के कूदने से मामले ने पकड़ा था तूल
परशदेपुर/ रायबरेली, अमृत विचार। नगर पंचायत से निष्कासित 14 आउटसोर्सिंग कर्मियों ने अध्यक्ष की सख्ती के बाद अब नगर पंचायत कार्यालय आना बंद कर दिया है। बताया जाता है कि गौशाला के एक अन्य कर्मी को भी अध्यक्ष ने आने से मना कर दिया है।
बीते 5 जून को नगर पंचायत की आउटसोर्स कंपनी ने 14 कर्मियों ने पत्र जारी कर निष्कासित कर दिया था। मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब निष्कासित कर्मियों में से एक कर्मी धीरेंद्र केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी की गाड़ी के आगे कूद गया था। हालांकि इसके बाद कुछ दिन तक कर्मी नगर पंचायत कार्यालय आए लेकिन अब अध्यक्ष विनोद कौशल द्वारा सख्ती किए जाने पर कर्मियों ने आना बंद कर दिया है।
बताया जाता है कि कर्मियों को निष्कासित करने से पूर्व कोई नोटिस भी जारी नहीं किया गया था। वहीं निष्कासित कर्मी अब आगे की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। बताते हैं की गौशाला के कर्मी ब्रजेश मौर्य को भी हटा दिया गया है।
क्या बोले अधिकारी
कर्मियों को निकाले जाने के संबंध में आउटसोर्स कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है लेकिन अभी तक जवाब नहीं आया है।
निमिषा भारद्वाज, अधिशाषी अधिकारी
क्या कहा अध्यक्ष ने
कार्य संतोषजनक ना पाए जाने के कारण मेरे कहने पर कंपनी द्वारा कर्मियों को निष्कासित किया गया है। गौशाला के कर्मी ब्रजेश मौर्य को भी कार्य संतोषजनक ना मिलने पर हटाया गया है।
विनोद कौशल, अध्यक्ष - नगर पंचायत परशदेपुर
ये भी पढ़ें - Ayodhya Accident : टैंकर ने बाइक सवारों को रौंदा, भतीजे की मौत - चाचा गंभीर
