गदरपुर: नशे में हुए विवाद में दोस्त की हत्या कर शव गड्ढे में दबाया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

नौ दिन से लापता था युवक, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

गदपुर, अमृत विचार। दिनेशपुर के मदनापुर गांव से नौ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक की उसके दोस्तों ने ही हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दोस्तों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

एक आरोपी के घर के बाहर गड्ढा खोदकर शव को उसमें दबा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सीओ और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भिजवा दिया। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। 

जानकारी के अनुसार दिनेशपुर के मदनापुर निवासी प्रेम सिंह खड़ायत (23) पांच जून से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। प्रेम सिंह के भाई चंदन सिंह ने दिनेशपुर थाने में तहरीर सौंपकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर प्रेम सिंह की तलाश शुरू कर दी थी।

जांच में पता चला कि अंतिम बार प्रेम सिंह अपने दोस्त हर्ष चौधरी और गदरपुर के ग्राम सूरजपुर नंबर एक निवासी जंग बहादुर के साथ देखा गया था। दिनेशपुर पुलिस ने हर्ष चौधरी और जंग बहादुर के घर पर दबिश दी तो दोनों वहां नहीं मिले।

इस पर गदरपुर पुलिस से संपर्क किया गया। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर महतोष चौकी प्रभारी ओम प्रकाश ने टीम के साथ जंग बहादुर को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस ने जंग बहादुर के घर से ही हर्ष चौधरी की बाइक भी बरामद की। पूछताछ में जंग बहादुर ने बताया कि वह हर्ष चौधरी के साथ बस्ती यूपी चला गया था।

जंग बहादुर ने पुलिस को बताया कि वह हर्ष चौधरी और प्रेम सिंह के साथ आईटीआई दिनेशपुर से प्रशिक्षण ले रहा था। पांच जून की रात तीनों ने केलाखेड़ा में शराब पीने के साथ ही एक ढाबे में खाना खाया। इस दौरान उनका प्रेम से विवाद हो गया था। इस पर उन्होंने गला दबाकर प्रेम की हत्या कर दी थी और शव को बाइक से गदरपुर लाकर जंग बहादुर के घर पर छिपा दिया।

अगले दिन उसने अपने घर के आगे सड़क किनारे गड्ढा खोदा और प्रेम के शव को उसमें दबा दिया। जंग बहादुर की निशानदेही पर दिनेशपुर थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय और थानाध्यक्ष गदरपुर राजेश पांडेय भारी पुलिस फोर्स के साथ ग्राम सूरजपुर नंबर-1 पहुंचे।

सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी और नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट की मौजूदगी में जंग बहादुर के घर के बाहर सड़क के किनारे जमीन को खुदवाया। करीब चार फुट तक खुदाई करने के बाद पुलिस को प्रेम सिंह का शव मिल गया।

सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि घटना में हर्ष चौधरी का नाम भी प्रकाश में आया है, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या कब और कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


हाथ पैर बांधकर गड्ढे में डाला था शव, गलाने के लिए डाला नमक

जंग बहादुर और हर्ष चौधरी ने घर के सामने सड़क के किनारे गड्ढा खोदकर प्रेम सिंह के शव को दबा दिया। इसे देखकर जंग बहादुर के पड़ोसी और ग्रामीण हैरान हैं। मुख्य मार्ग से सूरजपुर नंबर एक होकर केशव गढ़ को जाने वाला यह मार्ग अति व्यस्त रहता है। जंग बहादुर जब घर के बाहर गड्ढे की खोदाई कर रहा था, तब कुछ लोगों ने उससे कारण पूछा था।

इस पर उसने सहजता से पेयजल कनेक्शन लगाने के लिए गड्ढा खोदने की बात कही थी। बुधवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गड्ढे की खोदाई की गई और उसमें दबे प्रेम सिंह के शव को बाहर निकाला गया तो ग्रामीणों को जंग बहादुर के चेहरे के पीछे छिपी हैवानियत का पता चला। बताया गया कि प्रेम सिंह को हाथ और पैर से बांधकर औंधे मुंह ही गड्ढे में दबा दिया गया था। 


हत्या की वजह नहीं बता पाया जंग बहादुर, हर्ष से चलेगा पता

पुलिस के हत्थे चढ़ा जंग बहादुर प्रेम सिंह खड़ायत से हुए झगड़े की वजह नहीं बता पाया। उसने केवल शराब के नशे में झगड़ा होने की बात कही है लेकिन झगड़े में हत्या करने के पीछे कोई खास वजह होना बताया जा रहा है। इसके बाद अब पुलिस मामले में फरार हर्ष की तलाश में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि हर्ष से पूछताछ में हत्या की वजह साफ हो सकेगी। 

यह भी पढ़ें: काशीपुर: तीन साल में एससी-एसटी उत्पीड़न के 360 केस दर्ज 
 

संबंधित समाचार