बरेली: संक्रमण से तीन की मौत, चीफ इंजीनियर समेत 95 संक्रमित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिले में रविवार को भी तीन कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। जबकि 95 नए संक्रमित मिले। मृतकों में जाग्रति नगर निवासी 74 वर्षीय हरिओम, हाफिजगंज के 27 वर्षीय मोहम्मर इरफान और कासगंज के गंजडुंडवारा के मूल निवासी 85 वर्षीय नरायनदास हैं। वहीं बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर तारिक मतीन कोरोना संक्रमित पाए …

बरेली,अमृत विचार। जिले में रविवार को भी तीन कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। जबकि 95 नए संक्रमित मिले। मृतकों में जाग्रति नगर निवासी 74 वर्षीय हरिओम, हाफिजगंज के 27 वर्षीय मोहम्मर इरफान और कासगंज के गंजडुंडवारा के मूल निवासी 85 वर्षीय नरायनदास हैं। वहीं बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर तारिक मतीन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रविवार शाम को इसका पता चलने पर बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। उनके संपर्क में आए बिजली विभाग के कुछ अफसरों और कर्मचारियों ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। सोमवार सुबह पूरे ऑफिस को सैनेटाइज कराया जाएगा। बता दें कि इससे पहले भी बिजली विभाग में कई कर्मचारी संक्रमित पाए गए थे। रविवार को जिले में पॉजिटिव पाए गए लोगों में चार बच्चे भी शामिल हैं।

रविवार को जिले में 2237 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें से 95 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें एंटीजन और ट्रूनेट से केवल 57 लोगों में संक्रमण मिला। बाकी के सभी आरटीपीसीआर से पॉजिटिव पाए गए। किशोर सदन में तीन संक्रमित मिले हैं। बताया जा रहा है कि यह तीनों पहले आए संक्रमितों के संपर्क में आए थे। किशोर सदन में इससे पहले 18 अगस्त को टेस्ट कराया गया था। इसमें 14 संक्रमित मिले थे। वहीं फरीदपुर के सीओ ऑफिस का भी एक कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है। लगातार बढ़ रहे संक्रमण की वजह से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सबसे ज्यादा संक्रमित मढ़ीनाथ के
स्वास्थ्य विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार रविवार को सबसे ज्यादा संक्रमित मढ़ीनाथ के इलाके में पाए गए हैं। मढ़ीनाथ में एक दिन में नौ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, महानगर कालोनी में चार, अशोक विहार में तीन, आवास-विकास, शास्त्री नगर में दो-दो, कटरा चांद खां, आदर्श नगर और दुर्गा नगर में भी एक-एक, फाइक एन्क्लेव का एक, इज्जतनगर के दो, सीबीगंज, बिहारीपुर, सिकलापुर, शांति विहार में एक-एक, अहरोला में दो, ग्रीन वैली कॉलोनी में एक, राजेंद्र नगर, करगैना, आकंक्षा एंक्लेव में एक-एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई।

1816 लोगों का लिया गया सैंपल
रविवार को जिले में कुल 1816 लोगों का सैंपल लिया गया। सर्विलांस टीम ने 24,633 लोगों का सर्वे किया। इसमें 549 लोग संदिग्ध पाए गए। जिले में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1449 पहुंच गया है। अब तक करीब 2000 लोग कोरोना को मात देकर घर भी पहुंच चुके हैं।

संबंधित समाचार