इज्जतनगर से नई दिल्ली के बीच शुरू हो वंदे भारत का संचालन, संतोष गंगवार ने की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर रेल मंडल के यांत्रिक कारखाना सभाकक्ष में गुरुवार को सांसद मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे चन्द्रवीर रमण और मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर रेखा यादव को मंडल के सेवित क्षेत्रों के सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं बताईं। बैठक की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने कहा कि इज्जतनगर स्टेशन की तरह दूसरे स्टेशनों पर भी रेल कोच रेस्टोरेंट स्थापित किए जाएं। उन्होंने इज्जतनगर से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन का संचालन प्रतिदिन कराने का मुद्दा उठाया।

इसके अलावा आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को पूर्व की तरह प्रतिदिन चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का प्रतिदिन संचालन होने से यात्रियों को आगरा और मथुरा से होकर दक्षिण भारत को जाने वाली ट्रेनों से अच्छी कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर पैदल उपरिगामी पुल के निर्माण, चौधरी तालाब हार्टमन क्राॅसिंग पर अंडरपास, रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए बच्चों के खिलौने, खाद्य पदार्थ, समाचार पत्र-पत्रिकाओं, शुद्ध पेयजल जैसी उपयोगी वस्तुओं के स्टाल की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।

उन्होंने बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाने के लिए रेल प्रशासन को कहा। साथ ही इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशनों पर पार्सल सुविधा बहाल करने, समस्त अंडरपासों में रोशनी, सफाई एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने को कहा। बहेड़ी में गन्ना फैक्ट्री क्रासिंग पर आरओबी निर्माण, पखुर्नी के पास अंडर पास, बरेली सिटी-लालकुआं के बीच सुबह 6 बजे के बाद ट्रेन सेवा बढ़ाने जैसी तमाम मांग उठाईं। संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) कृष्ण चंद्र सिंह ने किया।

इन सांसदों ने भी दिए सुझाव
बदायूं की सांसद डाॅ. संघमित्र मौर्य ने जिले को लखनऊ व दिल्ली से जोड़ने के लिए सीधी ट्रेन संचालन की मांग की। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने सुझाव दिया कि मेण्डू रेलवे स्टेशन को अलीगढ़-टूण्डला रेल लाइन से जोड़ा जाए।

सांसद पीलीभीत वरुण गांधी के प्रतिनिधि कमल कांत ने मैलानी-शाहगढ़ के बीच आमान परिवर्तन का कार्य पूरा कराने की सुझाव दिया। इसके अलावा अन्य जनपदों के सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी कई सुझाव दिए। इससे पहले महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे चन्द्रवीर रमण ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत किया। आश्वासन दिया कि उनके सुझावों और मांगों पर सार्थक कदम उठाया जाएगा, ताकि रेल परिवहन सुविधा में गुणात्मक सुधार हो सके।

यह भी पढ़ें- बरेली: बजट ही नहीं तो कैसे मिले राष्ट्रीय पारिवारिक योजना का लाभ, जानिए मामला

संबंधित समाचार