बरेली: बजट ही नहीं तो कैसे मिले राष्ट्रीय पारिवारिक योजना का लाभ, जानिए मामला
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में 2018 से समाज कल्याण विभाग को नहीं मिल पा रहा आवेदन के सापेक्ष बजट
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना छलावा साबित हो रही है। योजना के तहत सरकार की ओर से समाज कल्याण विभाग को 2018 से पर्याप्त बजट ही जारी नहीं किया गया है। ऐसे में एक हजार से अधिक लोग योजना से वंचित हैं। कर्मचारी कभी 11 दिन तो कभी एक महीने में पैसा खाते में पहुंचने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। इसलिए लोग विकास भवन के चक्कर भी काटे रहे हैं।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले तीन वित्तीय वर्षों में जिले में 1542 से ज्यादा लाभार्थियों का चयन किया गया। जिन्हें तीन हजार के हिसाब से साढ़े चार करोड़ से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जानी है। समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा ने बताया कि पिछले कुछ सालों से आवेदन के सापेक्ष शासन से बजट नहीं मिल रहा है। बजट आने पर ही लाभार्थियों के खाते में पैसा भेजा जाएगा।
नए आवेदन के लिए करना होगा इंतजार
इस साल योजना में कोई आवेदन नहीं हुआ है। विभागीय कर्मी बताते हैं कि शासन स्तर से राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से जुड़े पोर्टल पर अपडेशन का कार्य चल रहा है। इसको करीब दो महीने का समय हो चुका है। अभी कितने दिन और लगेंगे इसको लेकर स्थिति शासन स्तर से भी स्पष्ट नहीं की जा सकी है, लेकिन यह तय है कि जुलाई के पहले सप्ताह में पैसा खातों में पहुंचना शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: 50 बीघा में बन रहीं तीन अवैध कालोनियों पर चला बुलडोजर, बीडीए ने किया ध्वस्त
