बरेली: गर्मी में ट्रेनों में खराब हो रही यात्रियों की तबीयत, सफर के दौरान बढ़ीं उल्टी और पेट दर्ज जैसी शिकायतें
बरेली, अमृत विचार। गर्मी में ट्रेनों में सफर करना आसान नहीं है। एक तो सीट के लिए यात्रियों को मारामारी करनी पड़ रही है तो दूसरी ओर गर्मी की वजह से यात्री ट्रेन के अंदर बीमार हो रहे हैं। शनिवार को दो अलग-अलग ट्रेनों के अंदर तीन यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। ट्रेनें बरेली जंक्शन पर पहुंचीं तो यात्रियों को इलाज दिया गया।
दूसरी तरफ कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो ऑनलाइन मदद तो नहीं मांग रहे हैं लेकिन जब डॉक्टर पहुंचते हैं तो वह उलटी और पेट दर्द की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर उन्हें दवा दे रहे हैं। शनिवार को ट्रेन संख्या 13152 सियालदह एक्सप्रेस के कोच नंबर एस-5 की बर्थ संख्या 29 पर सफर कर रहीं 23 वर्षीय गुड़िया को अचानक उल्टियां शुरू हो गईं। उन्होंने ट्रेन में मौजूद रेलवे स्टाफ को इस बात की जानकारी दी लेकिन जब तक ट्रेन मुरादाबाद से निकल चुकी थी। लिहाजा बरेली कंट्रोल रूम से बरेली जंक्शन मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया।
रेलवे के मेडिकल स्टाफ ने उन्हें उतरने की सलाह दी लेकिन उन्होंने उतरने से मना कर दिया। इसी ट्रेन के एस-7 कोच की बर्थ संख्या 29 पर सफर कर रहे 39 वर्षीय माधो भंडारी को पेट में दर्द की शिकायत होने लगी। मेडिकल स्टाफ ने उनको भी दवा दी। तब जाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। वहीं 04017 पटना- पुरानी दिल्ली ट्रेन के बी-2 कोच की बर्थ संख्या 29 पर सफर कर रहीं 55 वर्षीय आशादेवी के सीने में दर्द होने लगा। ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने पर मेडिकल स्टाफ द्वारा उन्हें दवा दी गई। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
ये भी पढे़ं- बरेली: रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की टेक्निकल और नॉन टेक्निकल कंपनियां करेंगी चयन
