बरेली: चौकी में पार्टी करने पर दरोगा निलंबित, एक लाइन हाजिर
बरेली, अमृत विचार। चौकी में पार्टी करने और रिश्वत लेने के आरोप में शनिवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने किला थाने के मलूकपुर चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं, किला चौकी इंचार्ज आशुतोष द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिया।
एसपी सिटी राहुल भाटी के मुताबिक मलूकपुर चौकी इंचार्ज के खिलाफ जनता से दुर्व्यवहार, रिश्वत लेने और चौकी में पार्टी करने की शिकायतें थीं। किला चौकी इंचार्ज आशुतोष द्विवेदी की भी रिश्वत लेने की शिकायतें मिल रहीं थीं। दोनों के खिलाफ लोगों ने लिखित रूप से शिकायतें भी की थीं, जिसके बाद गोपनीय जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई हुई है।
इससे पहले सट्टा कराने में बुधवार देर रात एसएसपी ने बारादरी के जोगी नवादा चौकी इंचार्ज सुशील कुमार, कांकर टोला चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार के साथ हेड कांस्टेबल परमानंद सिंह, सिपाही मोहम्मद कामिल व मोहित पवार को लाइन हाजिर किया था। इसके साथ ही 376 की रिपोर्ट में लापरवाही पर थाना प्रभारी रोहित शर्मा को निलंबित किया था। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया था। एसएसपी की कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मची हुई है।
ये भी पढे़ं- बरेली: लाभार्थी कह रही नहीं मिला लाभ, अधिकारी बता रहे मिल चुका आवास
