Ayodhya Crime News : जंगल में बिना कपड़ों के मिला अधेड़ का शव, हत्या की जताई आशंका
मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। इनायत नगर थाना में पुलिस चौकी हैरिंग्टन गंज के अंतर्गत चिखड़ी पूरे पिडोरिया गांव के जंगल के पास रविवार की सुबह एक अधेड़ का बिना कपड़ों के नग्न अवस्था में शव मिला। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक के साले ने पुलिस को हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इनायत नगर थाना के पुलिस चौकी हैरिंग्टन गंज क्षेत्र अंतर्गत खड़ भडिया पूरे पाण्डेय गांव निवासी राम धीरज पाण्डेय (55) का गांव से लगभग 6 किलोमीटर दूर चिखडी पूरे पिडोरिया गांव के जंगल के निकट नग्न अवस्था में शव पाया गया है। चौकी प्रभारी रजनीश पाण्डेय ने फोर्स के साथ पहुंचकर शव को पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह ने बताया कि मृतक का साला संदीप पाण्डेय निवासी अकमा थाना कुमारगंज ने तहरीर देते हुए पोस्टमार्टम किए जाने की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का पर्दाफाश हो सकेगा।
ये भी पढ़ें -Adipurush : लखनऊ में फिल्म की टीम के खिलाफ हिन्दू महासभा ने जताया कड़ा विरोध, हजरतगंज कोतवाली में दी तहरीर
