चीन पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री Antony Blinken, जासूसी गुब्बारे से लेकर ताइवान तक इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
चीन में उच्च तापमान के लिए फिर 'येलो अलर्ट' जारी
बीजिंग। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को बीजिंग में उच्च स्तरीय कूटनीतिक वार्ता शुरू की जिसका मकसद अमेरिका-चीन के बीच काफी बढ़ चुके तनाव को कम करने की कोशिश करना है। ब्लिंकन ने चीन के विदेश मंत्री छिन कांग के साथ बैठक की और अपनी यात्रा की आधिकारिक शुरुआत की। दोनों के रात्रिभोज पर भी चर्चा करने की संभावना है।
वह सोमवार को कांग से दोबारा बातचीत करने के अलावा चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी और संभवत: राष्ट्रपति शी चिनफिंग से भी चर्चा करेंगे। चीन की राजधानी में ब्लिंकन की उपस्थिति के बावजूद दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच मौजूद जटिल मुद्दों पर कोई भी महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद कम ही है, क्योंकि हाल के वर्षों में अमेरिका और चीन के रिश्तों में तल्खी और बढ़ी है। वैश्विक सुरक्षा और स्थायित्व पर प्रभाव डालने वाले कई मुद्दों पर असहमति को लेकर दोनों देशों के बीच शत्रुता और आरोप-प्रत्यारोप तेजी से बढ़े हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के पदभार ग्रहण करने के बाद से ब्लिंकन चीन की यात्रा करने वाले सर्वोच्च स्तर के पहले अमेरिकी अधिकारी हैं। वह पिछले पांच वर्षों में बीजिंग की यात्रा करने वाले पहले अमेरिकी विदेश मंत्री हैं। बाइडेन और शी पिछले साल बाली में एक बैठक में ब्लिंकन के दौरे पर सहमत हुए थे।
हालांकि, अमेरिका के हवाई क्षेत्र में चीन का कथित जासूसी गुब्बारा नजर आने के बाद फरवरी में ब्लिंकन ने अपनी चीन की यात्रा रद्द कर दी थी। दोनों देशों के बीच असहमति और संभावित टकराव के बिंदुओं की फेहरिस्त लंबी है जिसमें ताइवान के साथ व्यापार, चीन तथा हांगकांग में मानवाधिकार की स्थिति से लेकर दक्षिण चीन सागर में चीन की सैन्य मौजूदगी और यूक्रेन-रूस युद्ध जैसे मुद्दे शामिल हैं।
चीन में उच्च तापमान के लिए फिर 'येलो अलर्ट' जारी
बीजिंग। चीन की राष्ट्रीय वेधशाला ने रविवार को उच्च तापमान के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि रविवार को आंतरिक मंगोलिया, लिओनिंग, झिंजियांग, बीजिंग, तियानजिन, हेबेई, युन्नान, गुआंग्शी और हैनान के कुछ हिस्सों में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के अनुसार, इनमें से कुछ क्षेत्रों में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और कुछ स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने दोपहर में उच्च तापमान की अवधि के दौरान बाहरी गतिविधियों से बचने की सलाह दी और सुझाव दिया कि उच्च तापमान के संपर्क में आने वाले श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय अपनाने चाहिए। चीन में उच्च तापमान के लिए त्रि-स्तरीय, रंग-कोडित चेतावनी प्रणाली है, जिसमें ‘लाल’ सबसे गंभीर चेतावनी का प्रतिनिधित्व करता है, इसके बाद ‘नारंगी’ और ‘येलो’ (पीला) होता है।
ये भी पढ़ें : Russo-Ukrainian War : यूक्रेन में युद्ध समाप्त करें पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति Cyril Ramaphosa ने की अपील
