Kanpur: मां के प्रेम संबंध का लोग देते ताना, बेटों ने प्रेमी का किया अपहरण, फिर खुद पहुंचे थाने, जानें- पूरा मामला
कानपुर में अपहरण के आरोपी गिरफ्तार।
कानपुर में मां से प्रेम संबंध पर प्रेमी का बेटों ने अपहरण कर लिया। शनिवार रात घर से बुलाकर कार अपहरणकर्ता ले गए थे। पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया।
कानपुर, अमृत विचार। मां से प्रेम संबंध की बात नागवार गुजरने पर शनिवार देर रात दो बेटों ने साथियों के साथ मिलकर युवक को घर से बुला कर उसका अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने युवक को गाड़ी से कई जगहों पर ले जाकर मारपीट की। घटना की जानकारी पर पुलिस सक्रिय हुई तो अपहरणकर्ताओं ने युवक को छोड़ दिया। पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर घटना में प्रयोग की गई कार बरामद की। वहीं एक आरोपी की तलाश जारी है।
जरौली फेस वन निवासी श्रीओम शुक्ला (40) कैफे संचालक है। श्रीओम शुक्ला के परिवार में पत्नी खुशबू व दो बेटे मानस (7) व अंश (5) है। बड़े भाई हरिओम शुक्ला ने बताया कि शनिवार देर रात श्रीओम कैफे बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद घर आए कार सवार चार युवकों ने श्रीओम को बुलाया और घर के बाहर गली में बात करते हुए चले गए। गली के बाहर पहुंचते ही यवुकों ने श्रीओम के साथ मारपीट कर जबरन कार में बैठा कर चले गए।
मोहल्ले के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। हरिओम मौके पर पहुंचे तब तक युवक मौके से फरार हो गए। काफी देर तलाश करने के बाद हरिओम ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। अपहरण की सूचना पर बर्रा पुलिस व एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ युवक की तलाश शुरू की। पुलिस ने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला अपहरणकर्ता युवक को आई टेन कार में बैठा कर ले गए।
एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की तो जानकारी हुई की युवक के एक महिला से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। महिला से प्रेम संबंधों की जानकारी पर होने पर उसके बेटे रजत गुप्ता (28) व कार्तिक गुप्ता (26) ने साथी ऋषभ बाजपेई (23) व अमन सचान घर पहुंचे थे। पुलिस महिला के घर पहुंची तो अपहरणकर्ताओं के कानपुर देहात स्थित पैतृक गांव में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने पैतृक गांव में दबिश दी, लेकिन अपहरणकर्ता नहीं मिले। पुलिस के सक्रिय होने की जानकारी पर अपहरणकर्ताओं ने युवक को छोड़ दिया। रविवार सुबह श्रीओम घर पहुंचे।
अपहरणकर्ता खुद पहुंचे थाने
पुलिस के सक्रिय होने के बाद अपहरकर्ताओं के हांथ-पैर फूल गए, जिसके बाद आरोपियों ने श्रीओम को छोड़ दिया। रविवार सुबह अपहरणकर्ता रजत और कार्तिक खुद थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उन्होंने मारपीट के इरादे से उन्होंने युवक को जबरन कार में बैठाया था। उनका अपहरण करने का कोई इरादा नहीं थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में शामिल ऋषभ बाजपेई को गिरफ्तार किया। वहीं चौथा आरोपी अमन सचान पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
युवक के कई महिलाओं से प्रेम संबंध
श्रीओम के अपहरण की जानकारी पर पुलिस ने सबसे पहले उसके मोबाइल फोन की जांच की। जिसमें कई महिलाओं के नंबर पाए गए। पुलिस ने जांच की तो पता चला की श्रीओम के करीब तीन से चार महिलाओं से पहले से प्रेम संबंध है, जिसकी जानकारी होते ही पुलिस ने अन्य महिला मित्रों के घर भी युवक की तलाश की।
छह माह पूर्व हुई थी महिला के पति की मौत
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि महिला का पिछले दो वर्ष से कैफे संचाल श्रीओम से प्रेम प्रसंग चल रहा था, बीते छह माह पूर्व महिला के पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। जिसके बाद श्रीओम का उसके घर आना-जाना हो गया था।
मोहल्ले के लोग कसते थे फब्तियां
पकड़े गए रजत व कार्तिक ने बताया कि मां को कई बार फोन पर बात करते हुए पाया था, जिसका उन्होंने कई बार विरोध भी किया था। उन्होंने बताया कि पिता की मौत के बाद घर पर कोई न होने पर कई बार घर आता जाता था। जिसकी मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी थी। मोहल्ले के लोग मां के प्रेम प्रसंग के कारण उन पर फब्तियां भी कसते थे, जिससे तंग आकर उन्होंने श्रीओम को सबक सिखाने की ठानी।
