कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या, NIA ने रखा था 10 लाख का इनाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओटावा। कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हरदीप सिंह निज्जर भारतीय एजेंसियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। हाल ही में भारत सरकार ने 41 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, उसमें हरदीप निज्जर का नाम शामिल था। निज्जर कनाडा में सिख फॉर जस्टिस (SFJ) का प्रमुख था खालिस्तानी टाइगर फोर्स का मुखिया भी था। वो कनाडा में बैठकर भारत के खिलाफ देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में जालंधर के भारसिंघपुर गांव का रहने वाला निज्जर स्थानीय समयानुसार रात आठ बजकर करीब 27 मिनट पर सरे स्थित गुरु नानक सिख गुरद्वारा साहिब के पार्किंग स्थल में एक कार में मृत मिला था और उसके शरीर में गोलियां लगी हुई थीं। वह इस गुरद्वारे का प्रमुख था।

अधिकारियों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से कहा कि दो अज्ञात हमलावरों ने निज्जर को गोली मारी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। अधिकारियों के अनुसार, जब उसके शव को कनाडा की पुलिस घटनास्थल से ले जा रही थी तो सिखों के एक समूह ने खालिस्तान समर्थक और भारत विरोधी नारे लगाये। निज्जर भारत में आतंकवादी गतिविधियों में कथित भूमिका को लेकर देश में अति वांछित आतंकवादियों में शामिल था। 

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जालंधर में 2021 में एक हिंदू पुजारी पर हमले के मामले में निज्जर की गिरफ्तारी में सहायता के लिए सूचना देने पर पिछले साल जुलाई में 10 लाख रुपये नकद इनाम की घोषणा की थी। इससे तीन महीने पहले ही एनआईए ने हमले के सिलसिले में उसके और तीन अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। एनआईए के अनुसार, निज्जर भारत में खालिस्तान समर्थक समूह ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ के अलगाववादी और हिंसक एजेंडा को भी बढ़ावा दे रहा था।

 

ये भी पढ़ें : ब्लिंकन ने की चीन के शीर्ष राजनयिक के साथ बैठक, शी से भी मुलाकात की संभावना

संबंधित समाचार