रायबरेली: बदहाल मार्ग के निर्माण को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, जिपं सदस्य के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
जगतपुर, रायबरेली, अमृत विचार। एक वर्ष से अधिक समय से निर्माणाधीन हेवतहा नेवढ़िया सिद्धौर शंकरपुर मार्ग पर पड़े बोल्डरो से परेशान ग्रामीणों के सब्र का पैमाना छलक गया है। मार्ग निर्माण की मांग को लेकर गांव के पास ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना की अगुवाई में प्रदर्शन किया और सड़क को अभिलंब डामरीकरण कराए जाने की मांग की है।
ज्ञात हो कि मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस सड़क से मनोहरगंज, भीख शंकरपुर, सिद्धौर, हेवातहा, नेवढ़िया, गांव के हजारों लोगों का आवागमन का मार्ग है। यह मार्ग बीते एक साल से निर्माणाधीन है। जिसके चलते पूरे पांच किलोमीटर मार्ग पर बड़े-बड़े बॉर्डर पड़े हैं।
जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है ग्रामीणों की समस्या के दृष्टिगत इससे पूर्व में कई बार अधिकारियों से अविलंब इस मार्ग के डामरीकरण की मांग की गई। लेकिन ग्रामीणों की परेशानी को अधिकारियों ने अनसुना कर दिया। जिससे गुस्साए ग्रामीणों व कांग्रेस जनों ने मंगलवार की सुबह नेवढ़िया गांव के पास जोरदार प्रदर्शन किया है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सड़क से भारी परेशानी हो रही है। तुरंत सड़क को बनवाया जाए। जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सहूलियत के लिए इन सड़कों का निर्माण कार्य ग्रामीण सड़क योजना प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से कराया जा रहा है। ग्रामीणों की परेशानी से विभाग का कोई लेना देना नहीं बचा है। लोग परेशान है। लोग गिर रहे हैं। चोटिल हो रहे हैं। लेकिन लोगों का कोई ध्यान विभाग को नहीं बचा है।
त्रिलोकी सिंह ने कहा कि इस मार्ग से लोग हजारों लोग गुजरते हैं, जो बहुत परेशानी का सामना कर रहे हैं। इसी मार्ग पर शंकरपुर इंटर कॉलेज है जिसके हजारों बच्चे भी रोज साइकिल गुजरते हैं। लेकिन डामरीकरण न होने से बच्चों के टायर पंचर हो रहे हैं। नेवढ़िया गांव के निवासी जगदीश कुरील ने कहा की इस सड़क पर भारी परेशानी हो रही है। अब यह सड़क सुविधा की वजह अभिशाप साबित हो रही है। जिसको अभिलंब बनवाया जाए। इस अवसर पर मनोज कुमार, श्याम बहादुर सिंह, सुभाष यादव, छत्रपाल यादव सहित तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: रंजिश में युवक को घेरकर मारी गोली, हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर रेफर
