संतकबीरनगर : विवाद शांत कराने पहुंचे पुलिस कर्मियों पर भीड़ ने बोला हमला, दो सिपाही घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपियों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

धनघटा/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। महुली थानाक्षेत्र के ग्राम काली जगदीशपुर में एक युवक की पिटाई की सूचना पर विवाद शांत कराने पहुंचे पुलिस कर्मियों पर भीड़ ने ईंट पत्थरों से हमला बोल दिया। इस घटना में दो सिपाही गम्भीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार महुली थानाक्षेत्र के ग्राम रेवटा निवासी चंद्रशेखर और ग्राम महुरैया निवासी कुछ युवकों के बीच लगभग 20 दिनों पूर्व कुआनो नदी में स्नान करने के दौरान विवाद हो गया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी तनाव था। 

मंगलवार को चंद्रशेखर टेंट हाउस का सामान पहुंचाने काली जगदीशपुर गया था। इसी बीच महुरैया गांव के दर्जनों लोग लाठी डण्डा लेकर पहुंच गए और चंद्रशेखर को बुरी तरह से मारना पीटना शुरू कर दिए। चंद्रशेखर अपनी जान बचाने के लिए टेंट हाउस के भीतर भागा तो टेंट हाउस संचालक ने दुकान का शटर गिराकर उसे बचा लिया। उग्र भीड़ टेंट हाउस के शटर पर डंडे बरसाने लगी तो चंद्रशेखर ने महुली पुलिस को फोन कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी काली जगदीशपुर में तैनात सिपाही प्रशांत त्रिपाठी और अरुंण कुमार गौड़ ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच आक्रोशित भीड़ ने दोनों सिपाहियों पर भी हमला बोल दिया। लोगों ने ईंट पत्थरों से प्रहार कर दोनों सिपाहियों को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। 

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने पहुंच कर दोनों सिपाहियों और चंद्रशेखर की जान बचाई। इस बारे में बात करने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा बृजेश सिंह ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानून ब्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -कौशांबी एसपी पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला बयान से पलटी, फिर भी होगी जांच

संबंधित समाचार