रामनगर: रिसॉर्ट में काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत, परिजनों ने अस्पताल में काटा हंगामा
रामनगर, अमृत विचार। एक रिसोर्ट में कपड़ों की धुलाई करने वाले एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी काटा मगर पुलिस द्वारा उनको किसी तरह शांत कर दिया गया।
बताया जाता है कि मंगलवार की देर शाम ज़ाहिद (उम्र 35 वर्ष) पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी मोहल्ला जसपुरखुर्द, काशीपुर यहां टीआरा रिसॉर्ट में कपड़े धुलाई का कार्य करता था। कपड़ो की धुलाई करने के दौरान उसे अचानक करंट लग गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर संयुक्त चिकित्सालय भिजवा दिया, जहां मृतक के परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाते हुये कुछ देर हंगामा भी किया। मृतक के 2 बच्चे हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसएसआई अनीस अहमद ने बताया कि काशीपुर रोड़ में टीआरा रिसॉर्ट में यह हादसा हुआ है। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। मामले में गहनता से पड़ताल की जा रही है।
