Bareilly: अवंतीबाई में 1040 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छात्राओं को कॉलेज के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा

बरेली, अमृत विचार। रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय ने भी स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीए, बीएससी और बीकॉम की 1040 सीटों के लिए कॉलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण होंगे। छात्राएं 26 जून से 4 जुलाई तक भरे हुए आवेदन महाविद्यालय में जमा कर सकेंगी। इसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश लिए जाएंगे।

एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक में प्रवेश के लिए पोर्टल पर 17 जून से 6 जुलाई तक पंजीकरण की तिथि निर्धारित की है। इसके बाद से ही महाविद्यालयों ने ही प्रवेश की तैयारी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय में प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश मंगलवार को जारी कर दिए गए।

प्रभारी प्राचार्य प्रो. सचिन गिहार ने बताया कि बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। छात्राओं काे महाविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश फार्म भरकर 26 जून से 4 जुलाई तक महाविद्यालय में जमा करने होंगे।

इसके लिए उन्हें विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण फार्म, हाईस्कूल व इंटर की अंकतालिका, अंतराल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि प्रमाणपत्र की छायाप्रति जमा करनी होंगी। इसके अलावा आरक्षण के लिए जाति व आय प्रमाणपत्र, भूतपूर्व सैनिक का प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, एनएसएस/स्काउट प्रमाण-पत्र, खेलकूद प्रमाण-पत्र, स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी प्रमाण-पत्र और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र की छायाप्रति जमा करनी होगी।

कॉलेज में सीटों की संख्या
बीए-720, बीएससी जीव विज्ञान-80, बीएससी गणित-80, बीकॉम-160

जल्द जारी होगी प्रवेश नियमावली
विश्वविद्यालय स्नातक में प्रवेश के लिए जल्द ही प्रवेश नियमावली जारी करेगा। इसके अलावा महाविद्यालयों को भी प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। अभी छात्रों के पंजीकरण शुरू हुए हैं। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. एसके पांडेय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभी पंजीकरण शुरू हुए हैं। जल्द ही प्रवेश नियमावली जारी की जाएगी। सभी प्रवेश नई शिक्षा नीति के तहत होंगे।

सबसे अधिक बीए में पंजीकरण
विश्वविद्यालय के पोर्टल पर छात्रों के पंजीकरण की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हर बार की तरह इस बार भी सबसे अधिक छात्र बीए में पंजीकरण करा रहे हैं।

पहले दिन 30 छात्रों ने कराया पंजीकरण
बरेली कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश में भले देरी हो लेकिन स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों बीबीए, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स और डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए मंगलवार से पंजीकरण शुरू हो गए। प्रभारी प्राचार्य प्रो. अनुराग मोहन ने बताया कि पहले दिन 30 पंजीकरण हुए हैं।

बीएमएस की आज जारी होगी मेरिट
विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (बीएमएस) की 66 सीटों पर प्रवेश के लिए 18 मई से पंजीकरण हो रहे हैं। 20 जून तक पंजीकरण हुए। अब तक 56 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। प्रबंधन विभाग बुधवार को प्रवेश के लिए पहली मेरिट जारी करेगा। इसके बाद भी यदि सीटें रिक्त रह गईं तो दूसरी मेरिट जारी की जाएगी और पंजीकरण की तिथि बढ़ाई जा सकती है।

यह भी पढ़ें- बरेली: एक हजार किलो पॉलीथिन जब्त, 34 हजार जुर्माना वसूला

संबंधित समाचार