बरेली: मरीजों के लिए एक और मुश्किल तैयार बंद होगा जिला अस्पताल का मेन गेट
कुतुबखाना पुल के निर्माण के लिए सेतु निगम ने लिखी चिट्ठी, आज डीएम करेंगे मौका मुआयना
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने के बाद जिला अस्पताल तक आने में पहले से दिक्कतें झेल रहे मरीजों की मुश्किल और बढ़ सकती है। अब पुल के निर्माण के लिए जिला अस्पताल का मेन गेट बंद करने की तैयारी है। सेतु निगम की ओर से इस संबंध में पत्र लिखा गया है। बृहस्पतिवार को डीएम मौका मुआयना करने के बाद इस बारे में निर्णय लेंगे।
कहा जा रहा है कि मरीजों की सहूलियत के लिए सीएमओ कार्यालय की ओर बना गेट को खोले जाने की संभावना है, लेकिन यह गेट काफी संकरा है लिहाजा पैदल या दोपहिया वाहन से आने वाले लोगों को तो अस्पताल में प्रवेश की सहूलियत मिल जाएगी लेकिन एंबुलेंस का इस गेट से निकल पाना संभव नहीं है।
जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा के अनुसार डीएम शिवाकांत द्विवेदी बृहस्पतिवार को मौका मुआयना कर हालात का जायजा लेंगे। कोतवाली से इंद्रा मार्केट की ओर आने वाला पुराना रास्ता खोलने पर भी विचार किया जा रहा है। जिला पंचायत रोड पर दीवार तोड़कर बनाया गया रास्ता दोबारा बंद किया जा सकता है।
पुल बनने के बाद ही सीटी स्कैन की सुविधा
कुतुबखाना पुल जिला अस्पताल में सीटी स्कैन के लिए आने वाले मरीजों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। मशीन कंडम हो जाने की वजह से यहां सीटी स्कैन की सुविधा छह महीने से बंद है। नई मशीन को मंजूरी मिल चुकी है लेकिन पुल के निर्माण के कारण उसे अस्पताल तक लाना संभव नहीं हो पा रहा है। पिछले दिनों रास्ते का सर्वे कर कंपनी की टीम ने रिपोर्ट एडीएसआईसी को दे दी है। इसमें कहा गया है कि निर्माण के दौरान मशीन को अस्पताल तक लाना संभव नहीं है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद ही मशीन अस्पताल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: किशोरी से जीजा ने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल
