रायबरेली: धर्मांतरण और लव जिहाद की घटनाओं पर वीएचपी ने जताया विरोध, कार्यवाही की मांग को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
रायबरेली कार्यालय, अमृत विचार। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धर्मांतरण और लव जिहाद की घटनाओं को लेकर गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पुलिस के रवैए की आलोचना करते हुए मामलों में कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है।
वीएचपी के जिला अध्यक्ष विवेक सिंह का कहना था कि मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोग हिंदू समुदाय के दलित शोषित लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। उन्हें भिन्न भिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा है। बछरावां थाना क्षेत्र में ईसाई धर्मांतरण का मामला सामने आया था ।उसमें पुलिस को साक्ष भी दिए गए। लेकिन पुलिस का रवैया नकारात्मक रहा है।
ज्ञापन में मिल एरिया कोतवाली क्षेत्र के एक मुस्लिम युवक द्वारा नाम बदलकर हिंदू लड़की के साथ संबंध बनाने के मामले का भी उल्लेख किया गया है। भदोखर थाना में कुछ सप्ताह पूर्व नाबालिग लड़की के साथ कुछ मुसलमान युवकों द्वारा दुष्कर्म का प्रयास की भी शिकायत जिलाधिकारी से की गई है।
विश्व हिंदू परिषद ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सभी बिंदुओं पर प्रभावी जांच कराकर उक्त घटनाओं को अविलम्ब रोका जाए। वीएचपी नेताओं का कहना था कि रायबरेली में औसतन प्रतिदिन पांच लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला संज्ञान में आता है, जो चिंता का विषय है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला सह मंत्री संतोष सोनी, अजय सिंह, सुरक्षा प्रमुख सुरेश सिंह, विभाग संयोजक बजरंग दल रमाशंकर त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष धनन्जय पाण्डेय, विभाग सेवा प्रमुख हरिबंश सिंह चौहान, ललित पाण्डेय, आदर्श, रोहित, उमेश पाण्डेय, प्रशान्त, नरेश अग्निहोत्री, संतोष मौर्या सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यरत उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, पुलिस ने तीन युवतियों समेत छह को किया गिरफ्तार
