रुद्रपुर: पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के बाद होंगे सुखद परिणाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने किया एयरपोर्ट का मुआयना

एयरपोर्ट एडवाइजरी समिति की बैठक लेकर किया मंथन

रुद्रपुर, अमृत विचार। केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री एवं एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन अजय भट्ट ने एयरपोर्ट आर्थोरिटी के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट स्थल का मौका मुआयना किया और पंतनगर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर मंथन किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के बाद इसके सुखद परिणाम सामने आएंगे, क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त भूमि मुहैया है।

गुरुवार को समिति की बैठक केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पतनगर एयरपोर्ट की महत्ता दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। वर्तमान समय में पंतनगर से कई शहरों के लिए फ्लाइटें फुल चल रही हैं और बुकिंग फुल होने के कारण दिल्ली से पंतनगर आने के लिए टिकट प्रतीक्षा चल रही है।

बताया कि पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान द्वारा भी निरीक्षण किया गया है। जिसके बाद पंतनगर से उड़ानें बढ़ाने पर विचार चल रहा है। फ्लाई विंग कंपनी द्वारा जल्द देहरादून, पंतनगर, पिथौरागढ़ तक के लिए उड़ानें प्रारंभ करने के लिए निदेशक एयरपोर्ट पंतनगर को आदेशित किया है।

उन्होंने आदेश दिया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए सुनिश्चित प्लानिंग के तहत चरणबद्ध तरीके से कवायद तेज होनी चाहिए। निचले स्तर के जो भी मुद्दे हैं, उन्हें आपसी सामंजस्य के साथ निस्तारित करें। इस दौरान प्रभारी डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए कुल 325.5126 हैक्टयेर भूमि चिह्नित है।

जिसमें कृषि विभाग सैनिक फार्म की 24.1176 हैक्टेयर, लोनिव एनएच 109 की 14.5749 हैक्टेयर, पंतनगर विवि कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फार्म की 234.4557 हैक्टेयर, सिडकुल की 18.6235 हैक्टेयर, तराई स्टेट की 4.9797 हैक्टेयर, टीडीसी की 5. 9676 हैक्टेयर, जीबी पंत यूनिवर्सिटी (भूमि श्रेणी 5-3क) की 22.7935 हैक्टेयर भूमि शामिल है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नए एनएच निर्माण के लिए हर 100 मीटर की दूरी पर समुद्र तल से ऊंचाई तथा देशान्तरीय स्थिति का डाटा डीजीसीए के साथ साझा किया जा रहा है। इस मौके पर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के उपाध्यक्ष एवं विधायक शिव अरोरा, कमेटी सदस्य हेंमत लोशाली, हेमंत नरूला, एसडीएम मनीष बिष्ट, पीडी एनएचएआई विकास मित्तल, अधिशासी अभियंता लोनिवि विनोद डोबरियाल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: 15 लाख रुपये की कीड़ा जड़ी के साथ दो गिरफ्तार
 

संबंधित समाचार