Video : नगर निगम की टीम से युवक को जानकारी लेना पड़ा भारी, सुरक्षा कर्मी ने की मारपीट, वीडियो वायरल
श्वान लाइसेंस चेकिंग अभियान पर निकली थी टीम
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में बिना लाइसेंस श्वान पालने पर जुर्माना लगाया जा रहा है। इस नियम को लागू करने के लिए नगर निगम ने अभियान चला रखा है,लेकिन इस अभियान के नाम पर नगर निगम कर्मी दबंगई करने पर उतारू हो गये हैं। जनता का जानकारी लेना अथवा सवाल पूछना नगर निगम के कर्मियों को नागवार गुजर रहा है। वह सवाल पूछने वाले को पीट तक दे रहे हैं। ताजा मामला अंसल की गोल्फ सिटी का है। जहां पर नगर निगम कर्मियों पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसका एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, अंसल निवासी सिकंदर शुक्रवार सुबह अपने श्वान के साथ लूलू मॉल के पीछे स्थित पार्क के पास टहलने आये थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच नगन निगम की टीम वहां पहुंच गई और श्वान को पालने के कागजात मांगने लगी। सिंकदर के मुताबिक श्वान को पालने का रजिस्ट्रेशन पहले ही करा चुके थे,लेकिन लाइसेंस नवीनीकरण नहीं हो पाया था। इसी वजह से मौके पर पांच हजार रूपये जुर्माने के तौर पर दे दिये गये।
सिंकदर के मुताबिक वह नगर निगम की टीम का नेतृत्व कर रहे एक अधिकारी से यह जानकारी के लिए बात कर रहे थे कि लाइसेंस नवीनीकरण कराने में कुछ ही दिन का विलंब हुआ है, तो क्या पूरे पांच हजार रूपये पड़ेंगे या फिर जुर्माने की राशि में कुछ अंतर भी आ सकता है। इसी बात से वहां मौजूद नगर निगम के सुरक्षाकर्मी बुरा मान गये और मारपीट करने लगे। हालांकि वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीचबचाव की कोशिश की।
#Lucknow #NagarNigam @LMC_Lucknow #viralvideo
— Amrit Vichar (@AmritVichar) June 23, 2023
Video : नगर निगम की टीम से युवक को जानकारी लेना पड़ा भारी, सुरक्षा कर्मी ने की मारपीट, वीडियो वायरल pic.twitter.com/9KXcddLHCZ
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी सुरक्षाकर्मी का युवक पर हाथ उठाना दिखाई पड़ रहा है। वायरल वीडियो में सुरक्षाकर्मी की तरफ से की गई गलती की वजह से महिला अधिकारी द्वारा पीड़ित युवक से माफी भी मांगी गई है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ नगर निगम बिना लाइसेंस श्वान पालने वालों के खिलाफ चलाया अभियान, वसूला जुर्माना
