Auraiya में जीएसटी अधिकारियों ने राजस्थान ब्रांड की पकड़ी शराब, तस्करी का तरीका देख पुलिस भी चकरा गई
औरैया में प्लास्टिक के पाइप के बीच में छुपाकर ले जाई जा रही शराब जीएसटी अधिकारी ने पकड़ी।
औरैया में प्लास्टिक के पाइप के बीच में छुपाकर ले जाई जा रही शराब जीएसटी अधिकारी ने पकड़ी। जीएसटी अधिकारियों की चेकिंग देख चालक पिकअप छोड़ कर भाग निकला।
औरैया, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की रात अनंतराम टोल प्लाजा के पास इटावा की ओर से प्लास्टिक के पाइप लेकर आ रही एक पिकअप को जीएसटी अधिकारियों ने रोका तो चालक पिकअप छोड़ कर भाग गया। तलाशी के दौरान पाइप के अंदर से राजस्थान ब्रांड की शराब मिली। जिसके बाद पिकअप को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है।
गुरुवार की रात अनंतराम टोल प्लाजा के पास जीएसटी अधिकारी अपने हमराहियों के साथ चेकिंग कर रहे थे। इटावा की ओर से आ रही एक पिकअप लोडर को चेकिंग के लिए टीम ने रोकने का इशारा किया। तो चालक पिकअप छोड़ कर भाग गया। तलाशी लेने पर पिकअप में लोड प्लास्टिक के पाइपों में पीछे से लगी कैप और उस पर ढकी बोरी को हटाकर चेक किया, तो उसमें रेपर बंद पाउच नजर आए। पाइप को उठाकर खाली किया तो उसमें से शराब के पाउच नीचे गिरने लगे।
जिसकी सूचना अनन्तराम चौकी पुलिस को दी। संबंधित मामले में अनंतराम चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि राजस्थान राज्य में बिकने वाली रॉयल क्लासिक व्हिस्की का रेपर लगी शराब के पाउच अवैध रूप से पिक अप लोडर पर प्लास्टिक के पाइपों में छुपाकर ले जाए जा रहे थे।
चेकिंग को देखकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया है। नंबर प्लेट से चेसिस नंबर मैच नहीं कर रहा है। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध शराब ले जाई जा रही थी। 125 प्लास्टिक के पाइपों में 3115 क्वार्टर (180ml प्रति) बरामद हुए है। आबकारी विभाग को सूचना देते हुए संबंधित मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पिक अप लोडर को सीज कर दिया गया है।
