अयोध्या: श्रीराम अस्पताल के एक गेट पर गिट्टियां, दूसरे पर जलभराव, एंबुलेंस के आने-जाने में भी हो रहीं दिक्कतें
अयोध्या/अमृत विचार। अयोध्या में रामपथ निर्माण से मरीज भी परेशान हो रहे हैं। इस बीच श्रीराम अस्पताल की डगर भी मुश्किल हो गई है। मरीजों को अस्पताल में जाने में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि अस्पताल के एक गेट पर गिट्टियों का ढेर तो दूसरे पर जलभराव है। हालात यह हैं कि अब एंबुलेंस के आने और जाने में भी दिक्कत हो रही है।
नयाघाट से सआदतगंज तक रामपथ निर्माण के लिए डक्ट निर्माण और पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। बीते बुधवार और गुरुवार की रात्रि श्रीराम अस्पताल के सामने खोदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई और पूरे सड़क पर पानी भर गया। 48 घंटे बीतने के बाद भी पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया।

अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह ने कहा कि दो दिन से श्रीराम अस्पताल में मरीजों के लिए दिक्कत बढ़ गई है। मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। मरीजों को आने में दिक्कतें हो रही हैं। आकस्मिक चिकित्सा के लिए एंबुलेंस के आने में भी परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन को भेजने के लिए पत्र तैयार किया गया है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: लड़की वालों को फोन कर बोला- इतने कम में काम नहीं चलेगा.. , तोड़ दिया रिश्ता, रिपोर्ट दर्ज
