संभल: रंगशाला में डांस को लेकर आपस में भिड़े बराती-घराती, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रजपुरा क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात बरात चढ़त के दौरान मारपीट, तहरीर मिलने पर रजपुरा पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में बरात चढ़त के दौरान रंगशाला में डांस करने को लेकर बराती और घराती भिड़ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में की तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के गांव कन्हुआ निवासी एक ग्रामीण की बेटी की शुक्रवार को शादी थी। धनारी थाना क्षेत्र के गांव पीपलवाड़ा से बरात आई थी। देर रात करीब 11 बजे बरात चढ़त के दौरान दूल्हा रंगशाला में सोफे पर बैठा था। रंगशाला में ही लोग डांस कर रहे थे। डांस को लेकर बरातियों और घरातियों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। 

इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने किसी तरह मारपीट कर रहे लोगों को अलग किया। मारपीट में गांव कन्हुआ निवासी श्रीनिवास और वीरपाल घायल हो गए। पीड़ित श्रीनिवास ने रजपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायल श्रीनिवास का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया। कार्यवाहक थाना प्रभारी वीरेश कुमार ने बताया कि बराती और घराती में मारपीट हुई थी। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : अधिवक्ताओं को सपा से जोड़ने पर जोर, आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

संबंधित समाचार