हल्द्वानीः डंपर से टकराए नहीं थे युवक-युवती, डंपर ने था कुचला, रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुछ दिन पूर्व सड़क हादसे में बाइक सवार युवक-युवती की मौत हो गई थी। पहले यह बात सामने आ रही थी कि बाइक सवार सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा कर मरे, लेकिन अब इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोप लगाया है कि हादसा खड़े डंपर से बाइक टकराने से नहीं हुई, बल्कि डंपर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवक-युवती को रौंदा है।
बता दें कि बीती 17 जून की शाम करीब 6 बजे यह हादसा हुआ था। इस मामले में बनभूलपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गौजाजाली उत्तर बनभूलपुरा निवासी महेश सिंह पुत्र स्व.महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की शाम उनका बेटा दीपक कुमार बाइक लेकर घर से निकला था। वह अपनी दोस्त सलोनी पुत्री स्व. सुरेन्द्र कुमार सक्सेना के साथ रोड किनारे कच्चे में खड़ा था और दोस्त ब्रिजेश राणा का इंतजार कर रहा था। तभी तेजी से आए डंपर संख्या यूपी 53 जे 3276 ने दीपक और सलोनी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे दीपक के बड़े भाई सूरज व दोस्त ब्रिजेश ने दोनों घायलों को एसटीएच पहुंचा। जहां इलाज के दौरान सलोनी की मौत हो गई। हालत नाजुक होने पर दीपक को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बीती 22 जून को दीपक की भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- रामनगर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक सवारों की मौत, परिवार में छाया मातम
