हल्द्वानी: शहर के ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के डिजायन में दिए परिवर्तन के निर्देश
परिवहन सचिव अरविंद सिंह हयांकी ने की परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक
काठगोदाम हिल डिपो की डीपीआर में दिए संशोधन के निर्देश अल्मोड़ा बस स्टेशन के शेष कार्य को जल्दी पूरा करने के निर्देश
हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन सचिव अरविंद सिंह हयांकी की अध्यक्षता में शनिवार को सर्किट हाऊस में परिवहन विभाग की बैठक हुई। जिसमें परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामनगर में परिवहन विभाग का ऑफिस और ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक अगले सप्ताह तक तैयार हो जाएगा। काशीपुर में बनने वाले कार्यालय की प्रगति पर चर्चा हुई।
हल्द्वानी परिवहन संभाग कार्यालय में बनने वाले ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के डिजायन में आर्किटेक्टर को कुछ परिवर्तन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसकी डीपीआर अगले सप्ताह तक फाइनल हो जाएगी। साथ ही बैठक में काठगोदाम हिल डिपो की डीपीआर में संशोधन के निर्देश दिए हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अल्मोड़ा के बस स्टेशन का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है जिस पर अरविंद सिंह हयांकी ने शेष कार्य को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए। भीमताल में बनने वाले बस स्टेशन के लिए जल्द से जल्द भूमि चिन्हित करने के लिए कहा गया है ताकि वहां भी कार्य शुरू किया जा सके।
