मुरादाबाद : बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी में जलनिकासी व्यवस्था की पोल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक घंटे की बारिश में कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव, सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से हादसे की आशंका

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्री मानसून की बारिश में ही स्मार्ट सिटी में जलनिकासी व्यवस्था की पोल शनिवार को खुल गई। सुबह 10:30 बजे के करीब तेज बारिश से जहां गर्मी से तो लोगों को फौरी राहत मिली। लेकिन नाला-नालियों की ठीक से सफाई न होने से जल निकासी नहीं हो पाई। जिससे महानगर के कई मोहल्ले की सड़कों पर पानी भर गया। सीवरेज पाइपलाइन डालने के कार्य वाली सड़कों की खोदाई से गड्ढों में पानी भरने से हादसे की आशंका बढ़ गई। 

  • रामगंगा विहार फेज एक  आशियाना सहित अन्य कॉलोनियों में आवागमन प्रभावित
  • कांठ रोड, सिविल लाइंस में भी कई जगह सड़कें जलमग्न हुईं

प्री मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से फौरी राहत मिली तो सभी के चेहरे खिले। लेकिन नगर निगम की लचर कार्यशैली ने पहले ही दिन स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं की कलई खोल दी। बरसात से पहले नाला सफाई के लिए पिछले दिनों नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद भी स्थिति बदतर रही। जिसका नजारा महानगर के नागरिकों ने देखा। सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम वाली रोड पर सीवरेज कार्य के चलते सड़क की खोदाई कर छोड़ दिया गया है। कई जगह काम भी चल रहा है। 
बारिश का पानी गड्ढों में भरने से आवागमन प्रभािवत: सड़कों के गड्ढों में बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई दोपहिया वाहन चालक फिसले भी लेकिन गनीमत रही कि उनको गंभीर चोट नहीं लगी। यही स्थिति रामगंगा विहार फेज एक, आशियाना फेज एक व दो की भी रही। इसके अलावा कांठ रोड, सिविल लाइंस में भी कई जगह बारिश का पानी भरने से नाले की गंदगी सड़क पर पसर गई। लोगों को गंदगी के बीच आवाजाही करनी पड़ी।

मानसून सक्रिय होने पर बदतर होंगे हालात: एक घंटे में ही जलभराव से लोगों को हुई समस्या से नागरिकों को अब यह चिंता सताने लगी कि मानसून की सक्रियता के बाद महानगर में क्या स्थिति होगी। क्या वाकई हम स्मार्ट सिटी में रहते हैं। यह व्यवस्था पर सवाल है। बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया। बारिश में भीगे लोग सड़क के गड्ढों में गिरते-गिरते बचे। कई वाहन गड्ढों में फंसने से बंद हो गए। जिसे धक्का देकर लोगों ने निकलवाया। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से चोटिल नहीं हुआ।

रिमझिम बारिश से खिले किसानों के चेहरे
मुरादाबाद, अमृत विचार: शनिवार सुबह हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। यह बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। किसानों का कहना है कि वह अब खेत में खाद डाल सकेंगे।  कई दिनों से गर्मी चरम पर थी। जिससे गांवों में बिजली की आपूर्ति भी बाधित हो रही थी। किसान फसलों काे पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे थे। यहीं कारण था कि एक तरफ जहां फसल सूख रही थी तो दूसरी ओर किसान फसलों को खाद नहीं दे पा रहे थे। मगर शनिवार सुबह करीब 10 बजे से 11 बजे तक जमकर बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खिल गए। जेबड़ी के किसान पुष्पेंद्र, महलकपुर के निरंज व मिलक के मनोज का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए बहुत लाभदायक है। फसलों में काफी दिनों से खाद और पानी की जरूरत थी। बारिश ने पानी की कमी को पूरा कर दिया। किसान अब फसलों में खाद डाल सकेंगे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : खराब प्रगति वाले कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षक होंगे दंडित, मंडलीय कार्यशाला में वरिष्ठ विशेषज्ञ बालिका शिक्षा ने दी चेतावनी

संबंधित समाचार