Jalaun News: बिजली विभाग चोर है… के नारों के साथ शहरियों का फूटा गुस्सा, रोड पर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में बिजली विभाग पर शहरियों का फूटा गुस्सा।

जालौन में बिजली विभाग पर शहरियों का गुस्सा फूटा। लोगों ने रोड पर जाम लगाने के साथ दो घंटे तक प्रदर्शन किया।

जालौन, अमृत विचार। चरमराई विद्युत व्यवस्था से परेशान शहरियों के सब्र का बांध रविवार को टूट गया। शहर में गल्ला मंडी राठ रोड पर आक्रोशित लोगों ने जाम लगा कर तीन घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली विभाग चोर है, बिजली विभाग हाय हाय के नारे लगाए गए। पुलिस प्रशासन ने बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई बात सुनने को तैयार नहीं था। दो घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और उन्होंने समस्या के जल्द समाधान होने का भरोसा दिया तब जाकर प्रदर्शनकारी पीछे हटे।

शहर के इंदिरानगर राड रोड इलाके में बीते 15 दिन से विद्युत व्यवस्था बेपटरी है। दिन हो या रात बिजली की आंख मिचौली से हर कोई परेशान था। बिजली व्यवस्था चरमराने से सबसे बड़ी समस्या इस गर्मी में पानी की खड़ी हो गई। लोगों को रात रात भर जागकर पानी भरना पड़ता। शनिवार को रात में बिजली ने कुछ ज्यादा ही परेशान किया तो इलाकाई लोगों के सब्र का बांध टूट गया।

सुबह ही गल्ला मंडी और रेलवे ओवर ब्रिज के पास मुहल्ले के लोग एकत्रित हुए। सड़क पर आड़े तिरछे वाहन खड़े कर और बांस बल्ली डालकर जाम लगा दिया। सड़क पर महिलाएं अग्रिम पंक्ति में बैठकर नारेबाजी कर रही थी युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक पीछे खड़े होकर अपना गुस्सा जता रहे थे। इस दौरान बिजली विभाग चोर है, बिजली विभाग हाय हाय के नारे लगाए गए। सड़क पर बिजली को लेकर प्रदर्शन करने की वजह से यातायात ठप्प हो गया। सूचना पर कोतवाल शिवकुमार सिंह, मंडी चौकी प्रभारी समेत अन्य चौकियों के प्रभारी दलबल के साथ पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई बात मानने को तैयार नहीं था। इस दौरान पुलिस ने पुलिसिया तेवर दिखाए लेकिन इसका भी कोई असर नहीं हुआ। दो घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन होता रहा, बात बिगड़ती देख सिटी मजिस्ट्रेट, नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

यहां पर उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की और फिर लोगों को भरोसा दिया किया कि वह परेशान न हो जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। पूर्व सांसदद मुकेश यादव, वीरेंद्र वर्मा, राजाबाबू, जयचंद, चंदन गुप्ता, अमन गुप्ता, संतोषी, अंजलि, वासु महाराज, श्यामजी गुप्ता, संजय राजपूत समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ट्रांसफार्मर फुंकने से बिगड़े हालात

इंद्रानगर, राड रोड वाले इलाके के लोग यूं तो 15 दिन से बिजली आपूर्ति से खासे परेशान थे, लेकिन शनिवार की रात में ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या विकराल हो गई। पूरी रात बिजली नहीं आई। घरों में रखे इंवर्टर जबाव दे गए। सुबह के समय पानी का संकट खड़ा हो गए। हर कोई पानी को लेकर परेशान था। इस वजह से नाराजगी बढ़ी और प्रदर्शन में बदल गई।

महिलाएं बोली बिजली विभाग नकारा

सड़क पर जाम लगाएं महिलाओं में आक्रोश ज्यादा देखने को मिला। महिलाओं का कहना था कि अधिकारियों को परेशान होना पड़े तब उनकी समझ में आए गर्मी और उमस क्या होती है। पानी स्वयं भरना पड़े तब गर्मी और समस्या का एहसास होगा। अफसर तो एसी में बैठे है तो हम आम जनता रही है। बिजली विभाग के अफसर तो नकारा है। लाइनमैन तक सीधे मुंह बात नहीं करता।

जाम से हलकान हुए राहगीर

गल्ला मंडी से लेकर रेलवे ओवरब्रिज तक प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठे थे, इस वजह से ऐर, टीकर से लेकर राड रोड तक के राहगीर खासे परेशान हुए। जाम लगने से वाहन की लंबी कतार लग गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्ट करके कुछ हद तक लोगों को राहत दी।

संबंधित समाचार