नैनीताल में सफाई कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल
नैनीताल, अमृत विचार। नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद नगर पालिका अलर्ट मोड पर आ चुकी है। जिसके बाद बीते कुछ दिनों से नगर में सफाई व्यवस्था काफी बेहतर हो चुकी है। वहीं अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल भी लगातार सफाई व्यवस्था पर नजर लगाए हुए हैं।
जिसके चलते अब कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं दिखाई दे रहे हैं। जबकि पहले कई क्षेत्रों में कूड़ेदान भर जाने के बाद भी उनमें से कूड़ा नहीं उठाया जाता था। जिससे कूड़ेदान के बाहर कूड़ा फैला रहता था और कुत्ते कूड़े को बिखेरकर फैला देते थे। अब पालिका द्वारा रोज कूड़ेदानों से कूड़ा खाली किया जा रहा है और नगर में और अधिक कूड़ेदान लगा दिए गए हैं। जिससे अब नगर पहले के मुताबिक काफी स्वच्छ हो चुका है।
अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही नगर में जगह-जगह कूड़ेदान भी लगा दिए गए हैं। सभी कर्मचारियों को स्वच्छता को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं।स्थानीय लोगों के साथ ही सैलानियों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि वे लोग कूड़े को खुले में न फेंककर कूड़ेदान में ही डालें। साथ ही व्यवसायियों व फड़ कारोबारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी के प्रतिष्ठान के आगे गंदगी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
