हल्द्वानी: स्पा में छापा, रिसेप्शनिस्ट भागा, कमरे में दुबकीं कॉलगर्ल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कई बार रडार पर आ चुके प्लान बी स्पा में पुलिस ने एक बार फिर छापा मारा और इस बार पुलिस को देह व्यापार के पुख्ता सुबूत मिले। अचानक हुई छापेमारी में रिसेप्शनिस्ट मौके से भाग निकला और कॉलगर्ल कमरे में दुबक गईं। कॉलगर्ल ने पुलिस के सामने कई राज खोले हैं।

यहां से पुलिस आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। काठगोदाम पुलिस ने 5 कॉलगर्ल समेत देह व्यापार के धंधे को संचालित कर रहे एक महिला व पुरुष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सरगना महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

पुलिस के मुताबिक एसआई मनोज कुमार कोठारी, कांस्टेबल मोहन सिंह, महेंद्र सिंह, लक्ष्मी वर्मा और रुचि दत्ता के साथ स्पा सेंटर और होटल में सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नैनीताल रोड स्थित प्लान बी स्पा में देह व्यापार की सूचना मिली। आनन-फानन में टीम ने प्लान बी में छापेमारी कर दी।

पुलिस के पहुंचते ही रिशेप्सन पर मौजूद युवक भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इधर, छापेमारी से स्पा सेंटर में हड़कंप मच गया। स्पा सेंटर में मौजूद लड़कियां एक कमरे में दुबक गईं। पुलिस ने तलाशी शुरू की तो पता लगा कि 30 मई के बाद से स्पा में आने वाले लोगों का ब्यौरा ही रजिस्टर में दर्ज नहीं था।

इसके बाद पुलिस ने कमरों की तलाशी शुरू की तो एक कमरे में रखे बेड के गद्दे के नीचे से गर्भ निरोधक के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुएं और दवाओं के खाली रैपर मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। दूसरे कमरे में पुलिस से छिप रही पांच लड़कियां पकड़ी गईं। जिन्होंने बताया कि वह काठगोदाम की रहने वाली अंजू गुप्ता व सेक्टर 22 फरीदाबाद हरियाणा निवासी अरुण गुलाटी पुत्र हरविंदर गुलाटी के कहने पर स्पा में काम कर रहे है।

उक्त लोगों ने उन्हें अपना असली नाम बताने से मना किया है। सगरना महिला व अरुण ग्राहकों से डील करते और उनके द्वारा शारीरिक संबंध बनाने व मसाज की बात कहे जाने पर उनको यह सुविधा उपलब्ध कराते हैं।

इस काम का पैसा रिशेप्सन पर ही जमा हो जाता है। पकड़ी गई कालगर्ल की पुलिस काउंसिलिंग करा रही है। जबकि काठगोदाम की रहने वाली सरगना अंजू गुप्ता पत्नी दीपक गुप्ता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दूसरे आरोपी अरुण गुलाटी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित समाचार