बरेली: 31 केंद्रों पर होगी अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड परीक्षा, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
परीक्षा के लिए 31 स्टेटिक, 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई, 59,935 परीक्षार्थी होंगे शामिल
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सोमवार और मंगलवार को परीक्षा होगी। परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की कड़ी निगरानी रहेगी। परीक्षा केंद्रों काे सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। परीक्षा में 59, 935 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग समाज कल्याण पर्यवेक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी के पदों के लिए परीक्षा करा रहा है। इसके लिए शहर में 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर सोमवार और मंगलवार को परीक्षा होगी। पहली पाली 12 से 2 और दूसरी पाली 3 से 5 रहेगी। दो दिनों में 59 हजार 935 परीक्षार्थी एग्जाम में बैठेंगे।
परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए 31 स्टेटिक और 11 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में दूसरे जिलों से परीक्षार्थी आएंगे। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के नोडल अधिकारी व एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने बताया कि दाे दिन होने वाली परीक्षा नकलविहीन और पारदर्शिता के साथ कराने लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेंगे। परीक्षा में अभी तक कोई आब्जर्वर नहीं आया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीजेपी ने मनाया 'काला दिवस', आपातकाल पीड़ितों को किया सम्मानित
