Banda News: युवती का शव फंदे से लटकता मिला, मां बोली- दामाद ने पीटकर बेटी को मार डाला
बांदा में युवती का शव फंदे से लटकता मिला।
बांदा में युवती का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि दामाद ने पीटकर बेटी को मार डाला।
बांदा, अमृत विचार। चिल्ला थाना क्षेत्र के चकला गांव में युवती का शव फंदे से लटकता पाया गया। मौके पर पहुंचे घरवाले और ग्राम प्रधान ने आनन-फानन फंदा काटकर शव को नीचे उतार लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां का आरोप है कि दामाद ने शराब के नशे में उसकी बेटी को मारपीट कर मार डाला और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया।
चकला गांव निवासी गौरा देवी (28) पत्नी राजू का शव रविवार की सुबह कमरे के अंदर फंदे पर लटकता परिजनों ने देखा तो घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान और परिजनों ने बिना मायके वालों को सूचना दिए शव को फंदे से नीचे उतार लिया। सूचना पाकर पहंुची पुलिस ने परिजनों से पूछतांछ करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां छोटकलिया पत्नी जगरूप निवासी हरवंश पुरवा पैलानी ने बताया कि उसके पति की 15 वर्ष पहले मौत हो गई थी। किसी तरह मजदूरी करके उसने अपनी बेटी गौरा की शादी की थी। शादी को सात वर्ष हो गए। उसके दो बेटियां हैं। पति शराब के नशे में अक्सर उसकी बेटी के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करता था। शुक्रवार को वह गौरा देवी को लेकर मायके हरवंश पुरवा आया था। दामाद राजू ने अपने छोटे साले से शराब पीने के लिए 100 रुपया मांगा था। साले ने रुपया देने से मना कर दिया।
इससे नाराज होकर राजू गौरा देवी को लेकर चकला आ गया। गुस्से से तमतमाए राजू ने शराब के नषे में उसकी बेटी को मारपीट करमार डाला और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। थानाध्यक्ष चिल्ला का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हकीकत सामने आएगी।
