बरेली: जिला योजना समिति चुनाव...दो पदों पर निर्विरोध, सात पर इलेक्शन के बाद विजयी घोषित हुए प्रत्याशी
बरेली, अमृत विचार। जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए रविवार को चुनाव हुआ। दो पदों पर निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि सात अन्य पदों पर मतदान हुआ। अनारक्षित महिला वर्ग के लिए दो पद आरक्षित थे। इस पर किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। दोनों पद रिक्त रह गए हैं। इन दोनों पदों पर आयोग की ओर से तारीख तय करने पर बाद में चुनाव कराए जाएंगे।
चुनाव के लिए जिला मजिस्ट्रेट बूथ नंबर 1 में नगर निगम, बूथ नंबर 2 न्यायालय अपर उप जिलाधिकारी सदर में नगर पालिका नवाबगंज, फरीदपुर, आंवला, बहेड़ी, बूथ नंबर 3 न्यायालय अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम में नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां, रिठौरा, धौराटांडा, फरीदपुर, रिछा, देवरनियां, शेरगढ़ और बूथ नंबर 4 न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी में नगर पंचायत बिशारतगंज, सिरौली, फतेहगंज पूर्वी, सेंथल, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही, शीशगढ़ के सभासदों का मतदान सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक हुआ।
इसके बाद मतगणना हुई और शाम को नतीजे घोषित किए गए। नगर पंचायत रिठौरा में अनुसूचित जाति महिला के पद पर नीरज कुमारी, नगर निगम में अनुसूचित जाति पद पर अरुन सिंह निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुए। जबकि 97 मत पाकर अति पिछड़ा वर्ग महिला के लिए शेरगढ़ नगर पंचायत से सुनीता, 156 वोट पाकर अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए नगर पंचायत बिशारतगंज से बबलू मौर्या, 81 वोट पाकर अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए नगर पालिका परिषद नवाबगंज से रामप्रकाश गंगवार चुनाव जीते हैं।
इसके अलावा अनारक्षित वर्ग के लिए 139 वाेट पाकर शाही नगर पंचायत से नरेश, 132 वोट पाकर बहेड़ी नगर पालिका परिषद से दिनकर गुप्ता, 131 वोट पाकर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी से अवोध कुमार सिंह, 127 वोट पाकर नगर पंचायत फतेहगंज पूर्वी से राजीव कुमार जिला योजना समिति के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। अपर नगर मजिस्ट्रेट नहने राम ने बताया कि 372 मतों में से 192 लोगाें ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। 11 पदों के लिए चुनाव होना था।
ये भी पढ़ें- बरेली: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
