Power Crisis In Kanpur: चार सौ से अधिक बार फीडर हुए ट्रिप, 15 घंटे बिजली नहीं आने से 10 लाख लोग परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में 15 घंटे बिजली नहीं आने से लोग परेशान हुए।

कानपुर में 15 घंटे बिजली नहीं आने से लोग परेशान हुए। 22 सबस्टेशनों से जुड़े 10 लाख लोग बिजली न आने से परेशान हुए।

कानपुर, अमृत विचार। रविवार को छुट्टी का दिन चार सौ से अधिक बार फीडर ट्रिप हुए। बिजली न रहने से 22 सबस्टेशनों के करीब 10 लाख लोग परेशान हुए और परमट में तो 15 घंटे बिजली गुल रही। 

बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इधर बिजली का सितम भी लोगों पर कहर बरपा रहा है। वही, शनिवार रात को हुई बारिश में 22 सबस्टेशनों क्षेत्रों में दनादन फाल्ट होने से लोगों को नींद हराम हो गई। केस्को कंट्रोल रूम के फोन बजते रहे, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। जिस कारण शनिवार रात से लेकर रविवार रात नौ बजे तक 10 लाख से अधिक लोग बिजली न आने से परेशान रहे।

साथ ही 400 से ज्यादा बार फीडर ट्रिप हुए। परमट में रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। लोगों में कई बार केस्को मुख्यालय में जाकर शिकायतें की उसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हुआ और रविवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली आई। अंबेडकरपुरम सेक्टर तीन में रात 10 बजे गई बिजली रविवार दोपहर को आई।

वही पोखरपुर, रिंग रोड, दहेली सुजानपुर और कैंट में तीन ट्रांसफार्मर अचानक से बंद हो गए, जिस कारण लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। चमनगंज, रतनलाल नगर, श्याम नगर, मसवानपुर, शारदा नगर, शास्त्री नगर, बर्रा विश्व बैंक, नौबस्ता, जरौली, कर्रही, फूलबाग, शांति नगर बनिया बाजार, हैरिशगंज, बेकनगंज, डिप्टी पड़ाव, कल्यानपुर, काकादेव, साकेत नगर, किदवई नगर समेत 150 से ज्यादा मोहल्ले में बिजली की समस्या रही।

इसमें से कई जगहों पर 10 से 12 घंटे तो कुछ जगहों पर पांच से छह घंटे तक बिजली नहीं रही। जबकि केस्को के अधिकारियों का कहना है 24 घंटे में 236 शिकायतों का निस्तारण किया गया है।

संबंधित समाचार