काशीपुर: डंडा मारकर महिला का सिर फोड़ा, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। बच्चों के विवाद की शिकायत पुलिस से करने से गुस्साए दबंगों ने घर से घुस कर दंपती के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने डंडा मारकर महिला का सिर फोड़ दिया। घायल महिला को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबर खेड़ा निवासी मो. आरिफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 जून 2023 को नन्हे के बच्चों से खेलते हुए विवाद हो गया था। जिसकी शिकायत उसने सूर्या पुलिस चौकी में की थी। शिकायत के बारे में जब नन्हे को पता चला तो वह उससे व उसके परिवार से रंजिश रखने लगा।

24 जून 2023 को सुबह वह अपने घर पर बैठा था। तभी नन्हे, नाजिम, मेहनाज आए और लाठी डंडों से उसे पीटने लगे। आरोपियों ने बचाने के लिए आई उसकी पत्नी अफसाना का डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। जिससे उसकी पत्नी बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए भाग गये। गंभीर रूप से घायल महिला को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुयी है। कुंडा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार