संभल: मुठभेड़ में छह गोवंशीय पशु तस्कर पकड़े, दो इनामी पुलिस की गोली से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

असमोली में सोमवार को दिन निकलते ही पुलिस से पशु तस्करों का हुआ आमना सामना

संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह वाहन (पिकअप) में प्रतिबंधित पशुओं को वध के लिए लेकर जा रहे पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। 25-25 हजार रुपये के इनामी दो पशु तस्कर पुलिस की गोली से घायल हुए जबकि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक सिपाही भी जख्मी हुआ। एसपी की अगुवाई में की गई कांबिंग में चार अन्य बदमाशों को खेतों से गिरफ्तार किया गया।

असमोली थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु वध की घटनाओं के बाद पुलिस व क्राइम ब्रांच पशु तस्करों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को तड़के पुलिस को सूचना मिली कि पशु तस्कर भैंसोड़ा के पास पिकअप में गोवंशीय पशुओं को लादकर वध के लिए लेकर जा रहे हैं।

इस सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम ने सेवापुर पदारथपुर मार्ग पर चेकिंग शुरू की। सामने से आ रही पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर पिकअप की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर जवाबी फायरिंग की तो बदमाश पिकअप से उतरकर खेतों में छिपकर पुलिस पर गोली चलाने लगे। इस दौरान दो बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गये जिन्हें दबोच लिया ।

पकड़े गये बदमाशों ने अपने नाम सैफ अली निवासी मंसूरपुर माफी थाना असमोली व शान मोहम्मद निवासी थांवला थाना बिलारी जनपद मुरादाबाद बताये। यह दोनों पशु तस्करी के मामलों में फरार थे और इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

वहीं बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में गोली लगने से सिपाही अर्जुन खत्री भी जख्मी हो गया। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी चक्रेश मिश्रा,एएसपी श्रीशचंद्र,सीओ संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। खेतों में कांबिंग के दौरान चार और तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने खंगाले खेत तो पकड़ में आये चार पशु तस्कर
मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए पशु तस्कर सैफ अली व शान मौहम्मद की गिरफ्तारी के बाद चार थानों की पुलिस ने बाकी बदमाशों की धरपकड़ के लिए खेतों को खंगालना शुरु किया।

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा की अगुवाई में पुलिस ने काबिंग की तो जनपद मुरादाबाद के सलीम उर्फ सालिम निवासी पाकबड़ा, सारिक निवासी थांवला थाना बिलारी,फईम कुरैशी निवासी गुरेर थाना मैनाठेर के अलावा अमरोहा के  शामी निवासी पायंती कलां थाना डिडौली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पशु तस्करों के पास से हथियारों के साथ ही एक जिंदा गाय और एक बछड़ा,पिकअप व एक ईको कार भी बरामद की गई। पुलिस पकड़े गये बदमाशों से पूछताछ कर रही है। घायल सिपाही व दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंडल में सक्रिय था गैंग,लगातार कर रहे थे वारदातें
संभल। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि जिन बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया है वह मुरादाबाद मंडल के संभल,अमरोहा व मुरादाबाद में लगातार प्रतिबंधित पशुवध की वारदातें कर रहे थे। संभल के असमोली थाना क्षेत्र में भी गिरोह ने वारदात की थी। पुलिस पिछले कई दिन से गिरोह की तलाश में जुटी थी। इस गिरोह की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता है। यह बदमाश न पकड़े जाते तो वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी करते रहते।

यह भी पढ़ें- संभल: कार की टक्कर से सेना भर्ती की तैयारी में लगे युवक की मौत, भाई गंभीर

संबंधित समाचार