बरेली: UPSSSC परीक्षा...कागजों में लगाईं 300 बसें, अभ्यर्थी हुए परेशान
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा को लेकर रोडवेज की तरफ से सभी तैयारी सिर्फ कागजों में की गई थी। परीक्षार्थियों के लिए अधिकारियों ने अलग-अलग रूटों पर 300 बसों को लगाया था, लेकिन सोमवार को जब परीक्षा संपन्न हुई तो बसे नहीं होने से परीक्षार्थी घंटों बसों का इंतजार करते रहे। बसें नहीं होने से परीक्षार्थियों के साथ यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीतापुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और मुरादाबाद के लिए बसे नहीं होने पर दिक्कत हुई। कई घंटे इंतजार के बाद अधिकारियों ने बसों को रूटों पर लगवाया। जिसके बाद रात 9 बजे हालात ठीक हो सके।
परीक्षा समाप्त होने के बाद एक घंटे से सेटेलाइट बस अड्डे पर सीतापुर की बस के लिए इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस नहीं होने से दिक्कत हो रही है।-हिमांशु दीक्षित, सीतापुर
रोडवेज की तरफ से इंतजाम सही नहीं होने से काफी देर से बस का इंतजार कर रहे हैं। पूछताछ केंद्र पर पता करने पर यह बताया जा रहा है कि कुछ देर में बस आ जाएगी।-नीरज कुमार, सीतापुर.
लखीमपुर खीरी जाने के लिए दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उस रूट की बस नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। बस अड्डे पर पेपर देने आए अन्य लोग भी बसों का इंतजार करके परेशान हो रहे हैं।-आनंद कुमार लखीमपुर खीरी
सीतापुर से बड़ी संख्या में लोग पेपर देने आए थे, लेकिन बसों की कमी होने से इंतजार करना पड़ रहा है। परीक्षा को लेकर अधिकारियों को पहले से ही तैयारी करनी चाहिए थी-अनूप पटेल सीतापुर।
बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में बसें थीं। शाम को परीक्षा छूटने के बाद अचानक से भीड़ बढ़ने से कुछ दिक्कत हुई। बाद में सभी रूटों पर बसों को लगाकर पेपर देने आए लोगों को रवाना करा दिया गया-संजीव श्रीवास्तव, एआरएम।
ये भी पढ़ें- बरेली: घर से फैक्ट्री में काम करने के लिए निकला था युवक, संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, हत्या की आशंका
