रायबरेली : हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, टेंट हाउस का सामान उतारते समय हुआ हादसा
अमृत विचार, रायबरेली । थाना क्षेत्र के गांव तेलिन का पुरवा मजरे जोगापुर गांव में मंगलवार को दोपहर बाद टेंट हाउस का सामान उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन जब तक उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास करते तब तक उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
स्वजनों के मुताबिक तेलिन का पुरवा मजरे जोगापुर निवासी कामेंद्र सिंह (40) पुत्र माताफेर सिंह अपने पड़ोस में ही स्थित एक टेंट हाउस में श्रमिक का कार्य करता था। मंगलवार को दोपहर बाद वह पिकअप से टेंट हाउस का सामान उतार रहा था। टेंट का पाइप उतारते समय दरवाजे से निकली हाईटेंशन लाइन की जद में पाइप आ गई और उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आने से कामेंद्र सिंह बुरी तरह घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में पाइप को उससे अलग कर करंट से बचाया। स्वजन ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास करने लगे। लेकिन तब तक उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई संजय सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
इस घटना से मृतक की मां विमला सिंह, पिता माताफेर सिंह, भाई संजय सिंह, रवीन्द्र सिंह, शेर बहादुर सिंह, बहन रेखा सिंह सहित सभी स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और प्रार्थना पत्र मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - कानपुर : अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा में पकड़े गये दस नकलची, वहीं दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे दो छात्र
