कानपुर : अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा में पकड़े गये दस नकलची, वहीं दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे दो छात्र
अमृत विचार, कानपुर । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा में प्रशासन की सख्ती के बावजूद नकलचियों के हौसले बुलंद रहे। सोमवार को शहर में हुई परीक्षा में आधा दर्जन नकलची पकड़े गए। बिहार के दो युवक कृष्णा गर्ल्स इंटर कॉलेज दामोदर नगर में दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए। चार अन्य परीक्षार्थी ब्लू टूथ डिवाइस और स्मार्ट वॉच से नकल करते पकड़े गए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
कृष्णा गर्ल्स इंटर कॉलेज दामोदर नगर बर्रा में सरसा इलाहाबाद निवासी धर्मेंद्र कुमार पटेल की जगह बिहार जहानाबाद निवासी रवीश कुमार यादव परीक्षा दे रहा था, वहीं महेंद्र कुमार मलाख चौधरी प्रयागराज की जगह खगड़िया बिहार निवासी विकास यादव परीक्षा दे रहा था। जांच में उन लोगों ने दूसरे की जगह परीक्षा देने की बात कबूल की है। उधर, नौबस्ता स्थित परीक्षा केंद्र में सत्यम तिवारी ब्लू टूथ डिवाइस लगाकर परीक्षा दे रहा था। चेकिंग के दौरान उसे पकड़ गया।
हनुमंत विहार के परीक्षा केंद्र में पूजा पटेल और अरविंद कुमार नकल करते पकड़े गए । माल रोड स्थित एबी विद्यालय सेंटर से एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते पकड़ा गया। कॉलेज स्टाफ ने उसे दबोचकर कैंट थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। एसीपी कैंट बृज नारायण सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी प्रयागराज सराय ममरेज खानपुर दांडी निवासी है।
शहर में चल रहा सिंडीकेट
प्रतियोगी परीक्षाओं में दूसरे की जगह परीक्षा देने का सिंडीकेट काफी समय से काम कर रहा है। इस परीक्षा से पहले भी कई मामले प्रकाश में आए हैं। जो दूसरों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए थे। यूपीएससी परीक्षा में बर्रा स्थित एक कॉलेज में युवक को पकड़ा गया था वहीं कल्याणपुर आवास विकास स्थित एक परीक्षा केंद्र में भी दूसरे की जगह परीक्षा देने आए युवक को पकड़ा गया था।
सख्ती के कारण छोड़ दी परीक्षा
सोमवार को सख्ती के चलते 36 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी। परीक्षा में 33,504 अभ्यर्थी पंजीकृत थे इसमें 12,166 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी जबकि 21,338 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।
ये भी पढ़ें - कानपुर : टेलीग्राम से नौकरी का ऑफर, सैलरी की जगह ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
