अयोध्या : वेलनेस सेंटरों से 36 सीएचओ नदारद, अधीक्षकों को फटकार

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, अयोध्या । जनपद के सभी 146 वेलनेस सेंटरों का सीएमओ डॉ. अजय राजा समेत तमाम विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान 110 सीएचओ उपस्थित मिले, जबकि 36 अनुपस्थित पाए गए। अधिकारियों ने अधीक्षकों को निर्देशित किया कि भविष्य में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्टॉफ की उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित हो। साथ ही सभी आवश्यक दवाएं और जांच किट, उपकरण सतत उपलब्ध रहे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता की स्थिति में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।

आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित उपकेंद्र जिन्हें हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के तौर पर उच्चीकृत किया गया है पर बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने व उपलब्ध हो रही स्वास्थ्य सेवाओं जैसे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का सुदृढ़ीकरण, सीएचओ की शत प्रतिशत उपस्थिति, एएनएम की उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन, टेली कंसल्टेशन, मेडिसिन की उपलब्धता, महत्वपूर्ण जांच किट की उपलब्धता को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय राजा के नेतृत्व में विभागीय एसीएमओ डॉ आर के सक्सेना, डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. डी के शर्मा, डॉ. बी एन यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. राम मणि शुक्ला समेत तमाम अधिकारियों ने अपने ब्लॉक के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का सघन पर्यवेक्षण किया गया।

सीएमओ ने ब्लॉक सोहावल के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शेखपुर जाफर,जगनपुर और चिर्रा मोहम्मदपुर का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिन उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में उच्चीकृत किया गया है वहां पर एक अतरिक्त कक्ष के निर्माण के साथ-साथ सीएचओ भी तैनात किए गए हैं, जिसके कारण स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर किया गया है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्र की आबादी को मिलता रहेगा। भ्रमण के दौरान 43 एएनएम उपस्थित मिलीं, जिनके संबंध में बताया गया कि शेष एएनएम अपने साप्ताहिक बैठक में सीएचसी पर उपस्थित थीं।

ये भी पढ़ें - अयोध्या : किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना जारी

संबंधित समाचार