रामनगर: सिविल सेवा परीक्षा में मान्या वर्मा का चयन
रामनगर, अमृत विचार। वाकिफ कहां ज़माना हमारी उड़ान से, वो और थे जो हार गए आसमान से। किसी शायर के इन शब्दों को यूपीएसई परीक्षा में सफलता पाकर साकार कर दिखाया रामनगर की बिटिया मान्या ने।
यूपीएसई सिविल सेवा परीक्षा में 258 वी रैंक लाकर मान्या वर्मा ने अपने नगर का नाम रोशन किया है। कोटद्वार रोड विपिन बिहार निवासी मान्या वर्मा ने बिना कोई कोचिंग लिए दूसरे ही प्रयास में इस मुकाम को हासिल करने में सफलता प्राप्त की है।
मान्या वर्मा ने हाईस्कूल की परीक्षा माउंट सिनाई स्कूल से पास करने के बाद बी टेक, एन आईटी श्रीनगर गढ़वाल से किया है। उनके परिवार मे पिता चंद्र लाल वर्मा बागेश्वर में जिला खेल अधिकारी है जब कि माता विमला वर्मा बेताल घाट में सरकारी जूनियर स्कूल में अद्यपिका है।
भाई आश्चर्य वर्मा सेना में मेजर एवम भाभी स्वाति वर्मा है। घर परिवार के सभी लोगो का उच्च शिक्षित होना उनकी सफलता को पंख लगाने में काफी हद तक सफल रहा।अपनी सफलता का सारा श्रेय मान्या ईश्वर के साथ साथ अपने माता, पिता और भाई को देती है। कहती है यदि आठ से दस घण्टे नियमित पढ़ाई की जाए तो लक्ष्य को आसानी से पाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं को अपने संदेश में कहा कि यदि मन मे संजोए सपनो को साकार करना है तो दिल लगाकर मेहनत करे। कहती है उनकी इच्छा ग्रामीण क्षेत्रो में सेवा करना है। मगर जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी जाएगी उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी के साथ करेंगी। मान्या के चयन से उनके घर मे उत्सव सा माहौल है।उनके आवास पर बधाई देने वालो का सिलसिला जारी है।
