शाहजहांपुर: गुस्साए परिजनों घेरी कोतवाली...अब हुई हत्या की रिपोर्ट दर्ज, जानिए पूरा मामला
तिलहर, अमृत विचार। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लटकते मिले किशोर के शव मामले में परिजनों शुरु से हत्या का आरोप लगा रहे हैं। ताऊ और ताई पर ही हत्या का आरोप है, लेकिन पुलिस मामले में हीलाहवाली कर रही थी। इससे गुस्साए परिजनों ने मंगलवार को कोतवाली घेर ली और गेट पर प्रदर्शन कर हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे।
सूचना पर पहुंचे सीओ प्रियांक जैन से परिजनों की नोकझोंक भी हुई, लेकिन वे डटे रहे। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीन लोगों को नामजद किया है।
नगर के मोहल्ला सैयदवाड़ा निवासी संजीव मिश्रा के 16 वर्षीय पुत्र अनमोल मिश्रा का शव बीते रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला था। घर के अंदर फंदे पर लटक रहे अनमोल को उतारकर परिजन आनन-फानन में नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
मृतक के परिजनों ने रिश्ते के ताऊ सहित रिश्तेदारों पर अनमोल की हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों की मांग के बाद मृतक अनमोल मिश्रा का पोस्टमार्टम भी कोतवाली पुलिस के द्वारा कराया गया। साथ ही आरोपी ताऊ को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
मृतक अनमोल की मां वैशाली मिश्रा ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। परिजनों के साथ भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री चंद्रकांता त्रिवेदी पीड़ित परिवार और तमाम समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद महिलाएं कोतवाली गेट पर बैठकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष घनश्याम बहादुर ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानीं। बाद में पहुंचे सीओ ने बताया कि जांच की जा रही है। कोई बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन परिजन नहीं माने तो नोकझोंक भी हुई। बाद में रिपोर्ट दर्ज की गई, तब परिजन मान गए और लौट गए।
हत्या में तीन नामजद, विवेचना शुरू
किशोर की मां वैशाली मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 जून को वह रुहेलखंड अस्पताल, बंथरा गई थी। पति अपनी दुकान पर थे। घर पर 16 वर्षीय पुत्र अनमोल अकेला था। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे परिवार के जेठ राजीव कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू व अर्चना मिश्रा और उनका नौकर लोकेश निवासी मोहल्ला शैय्यदबाड़ा मिलकर मेरे पुत्र को बुरी तरह से मारा पीटा और गला दबाकर हत्या कर दी।
मोहल्ले वालों से हत्या की जानकारी पाकर वह पहुंची। आरोपियों ने इससे पहले कई बार बेटे अनमोल से गाली गलौज और धमकी दी थी। अब हत्या कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। परिजनों की तहरीर के आधार पर राजीव कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू व अर्चना मिश्रा और नौकर लोकेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है,जो दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी---प्रियांक जैन, सीओ- तिलहर।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: टिकोला मेले में जुआं बंद कराने पहुंची पुलिस, खाली हाथ लौटी
