बरेली कॉलेज में मेरिट से पहले ही हो गए एडमिशन
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज की एडमिशन प्रक्रिया इस साल फिर से विवादों में घिर गई है। कॉलेज प्रशासन ने सेल्फ फाइनेंस कोर्स-बीबीए, बीसीए और बीकॉम ऑनर्स की सीटें भरने के लिए मेरिट जारी करने से पहले ही प्रवेश प्रारंभ कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक करीब 18 लाख रुपये फीस भी जमा हो चुकी …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज की एडमिशन प्रक्रिया इस साल फिर से विवादों में घिर गई है। कॉलेज प्रशासन ने सेल्फ फाइनेंस कोर्स-बीबीए, बीसीए और बीकॉम ऑनर्स की सीटें भरने के लिए मेरिट जारी करने से पहले ही प्रवेश प्रारंभ कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक करीब 18 लाख रुपये फीस भी जमा हो चुकी है।
इसकी भनक लगने पर मंगलवार को समाजवादी छात्रसभा (सछास) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डा. अनुराग मोहन भटनागर का करीब डेढ़ घंटे तक उनके ही कक्ष में घेराव किया। इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई।
बरेली कॉलेज प्रशासन ने सोमवार को बीबीए, बीसीए और बीकॉम ऑनर्स की पहली कटऑफ सूची जारी की थी। सछास के नेता अनूप यादव का आरोप है कि कॉलेज में 20 अगस्त के आस-पास बीबीए और बीसीए के प्रवेश शुरू कर दिए थे, जबकि 25 के अगस्त के आस-पास बीकॉम ऑनर्स के प्रवेश किए गए। उनका आरोप है कि कॉलेज के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ होगा कि जब मेरिट से पहले ही छात्रों के प्रवेश कर लिए गए हों।
विश्वविद्यालय के नियमों का उल्लंघन
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 अगस्त तय थी। विवि ने छात्रों को 1 सितंबर तक कॉलेजों में आवेदन का मौका दिया था। इसके विपरीत बरेली कॉलेज ने बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश आवेदन की वेबसाइट 28 अगस्त को ही बंद कर दी। यानी विवि के निर्देशानुसार जो छात्र 1 सितंबर तक आवेदन की अनुमति का समय मानकर चल रहे थे। वे आवेदन से वंचित रह गए। ऐसा ही सेल्फ फाइनेंस कोर्स के छात्रों के साथ हुआ। सछास कार्यकर्ताओं ने इसे छात्र विरोधी और कॉलेज विरोधी फैसला बताते हुए आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग उठाई। छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन ने बुधवार को सुबह 6 बजे से सायं 4 बजे तक दोबारा प्रवेश आवेदन की वेबसाइट खोलने का निर्णय लिया है। प्रवेश प्रभारी डा. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि बुधवार को नए आवेदन होंगे और शाम को मेरिट जारी होगी।
कॉलेजों को 3 सितंबर से करने प्रवेश
रुविवि ने जो प्रवेश कार्यक्रम जारी किया है। उसके मुताबिक कॉलेजों को 2 सितंबर को मेरिट जारी कर 3 सितंबर से प्रवेश शुरू करने हैं। अनूप यादव का आरोप है कि फिर बरेली कॉलेज प्रशासन ने किस अधिकार के तहत समय से पहले प्रवेश किए हैं। पहले आओ पहले पाओ की नीति पर प्रवेश के भी आरोप लगे हैं।
